क्रिकेट

विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास के बाद टीम इंडिया का सुपर सीनियर बनकर उभरा ये खिलाड़ी

रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद अनुभवहीन लग रही टीम इंडिया में रवींद्र जडेजा ने शानदार ढंग से सुपर सीनियर की भूमिका अदा की है।

Image

रवींद्र जडेजा (फोटो क्रेडिट AP)

मैनचेस्टर: विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद रविंद्र जडेजा युवा भारतीय क्रिकेट टीम में अनुभवी खिलाड़ी की भूमिका शानदार तरीके से निभा रहे हैं। अश्विन के साथ भारतीय सरजमीं पर अनगिनत टेस्ट मैचों के जीत के इस शिल्पकार की उपलब्धियों को अक्सर नजरअंदाज किया जाता रहा था। विराट कोहली उस टीम के निस्संदेह सुपरस्टार थे जबकि रोहित और अश्विन भी बड़े खिलाड़ियों में शामिल थे। अश्विन, कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास के बाद जडेजा इस टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी है। वह सीनियर होने के बावजूद अपने तौर-तरीकों को लेकर विनम्र बने हुए हैं और अपना काम कुशलता से करते हैं। इंग्लैंड की मौजूदा श्रृंखला में वह गेंद से चमक बिखेरने में नाकाम रहे हैं लेकिन बल्ले से अपने प्रदर्शन से उन्होंने आलोचकों को शांत कर दिया है।

जिम्मेदारी से अपनी भूमिका अदा कर रहे हैं जडेजा

शुभमन गिल को जब टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया तो जसप्रीत बुमराह के समर्थक अपनी राय व्यक्त कर रहे थे, लेकिन 83 मैचों के अनुभवी खिलाड़ी जडेजा इस बहस का हिस्सा कभी नहीं बने। एजबेस्टन टेस्ट के दौरान जब जडेजा से टीम की कप्तानी की उनकी महत्वाकांक्षाओं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपने अनूठे अंदाज़ में कहा, ‘कप्तानी का समय अब चला गया।’ उन्होंने बर्मिंघम में 89 और 69 रन की अर्धशतकीय पारियों से टीम की जीत अहम योगदान दिया तो वहीं अगले टेस्ट में दो और अर्धशतक जड़े। लॉर्ड्स में उनका 61 रन का नाबाद स्कोर भारत को जीत के करीब ले गया।

डटकर किया है इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना

इस 36 साल के खिलाड़ी ने इंग्लैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और इस दौरान उनका रक्षात्मक खेल किसी अन्य खिलाड़ी से कम नहीं था। वह अभी भी सर्वश्रेष्ठ फील्डर हैं और एजबेस्टन और लॉर्ड्स में वह गेंद को स्पिन करने में सफल रहे लेकिन विकेट नहीं चटका सके। खेल के हर पहलुओं पर टीम में योगदान देने वाले जडेजा टीम के युवा खिलाड़ियों को सलाह भी दे रहे हैं। लॉर्ड्स में मिली हार के बाद कप्तान गिल ने जडेजा के उन्हें टीम के लिए समर्पित खिलाड़ी करार दिया। गिल ने कहा,'वह भारत के सबसे मूल्यवान खिलाड़ियों में से एक हैं। गेंदबाजी, बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण में उनके पास जो अनुभव और कौशल हैं, वह बहुत दुर्लभ है। उन्होंने जिस तरह की एकाग्रता दिखाई वह अद्भुत था।'

घरेलू क्रिकेट को देते हैं तवज्जो

जडेजा ने खेल के प्रति हमेशा सर्वोच्च प्रतिबद्धता दिखाई है। वह जब राष्ट्रीय टीम के साथ नहीं होते है तो घरेलू क्रिकेट में सौराष्ट्र के लिए खेलना सुनिश्चित करते हैं। सौराष्ट्र के एक अनुभवी अधिकारी ने कहा, 'जड्डू अगर उपलब्ध रहे तो वह जिला स्तर के मैचों में भी खेलने के लिए आते है। भारत के बेहतरीन टेस्ट क्रिकेटरों में से एक होने के बावजूद वह हमेशा की तरह विनम्र रहते हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article