क्रिकेट

विराट, रोहित की राह पर चले रवींद्र जडेजा, किया टी20आई से संन्यास का ऐलान

विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद टीम इंडिया के धाकड़ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी अंतरराष्ट्रीय टी20 से संन्यास का ऐलान कर दिया है।

Image

रवींद्र जडेजा

KEY HIGHLIGHTS
  • रवींद्र जडेजा ने भी कहा टी20आई को अलविदा
  • साल 2009 में किया थी अंतरराष्ट्रीय टी20 में डेब्यू
  • 15 साल तक टीम इंडिया के लिए खेले तीनों फॉर्मेट

टीम इंडिया के धाकड़ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने टी20 विश्व कप 2024 में खिताबी जीत के बाद संन्यास का ऐलान कर दिया है। जडेजा विश्व विजय के बाद टी20आई क्रिकेट को अलविदा कहने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। उनसे पहले विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी टी20आई क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। जडेजा ने इन्स्टाग्राम पर पोस्ट करके संन्यास का ऐलान किया है।

टी20 विश्व कप जीतना सपने के पूरा होने जैसा

'मैं पूरी कृतज्ञता के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों को अलविदा कहता हूं। गर्व के साथ सरपट दौड़ने वाले एक मजबूत घोड़े की तरह मैंने हमेशा अपने देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है और अन्य प्रारूपों में भी ऐसा करना जारी रखूंगा। टी20 विश्व कप जीतना मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है, यह मेरे टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का शिखर है। बेहतरीन यादों, उत्साह और अपार समर्थन के लिए धन्यवाद। जय हिंद!

ऐसा रहा जडेजा का अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर

35 वर्षीय जडेजा ने टी20आई करियर की शुरुआत साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में की थी और अपना आखिरी मैच बारबाडोस में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला। जडेजा ने अपने टी20आई करियर में 74 मैच खेले जिसकी 41 पारियों में 21.45 के औसत से 515 रन बनाए। नाबाद 46* उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसी दौरान गेंदबाजी में उन्होंने 71 पारियों में 29.85 के औसत से 54 विकेट चटकाए। 15 रन देकर 3 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

फीका रहा टी20 विश्व कप 2024 में प्रदर्शन

टी20 विश्व कप 2024 में जडेजा का प्रदर्शन फीका रहा। 8 मैच में वो 11.66 के औसत से 35 रन बना सके। नाबाद 17 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा ये पारी उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में खेली। 8 मैच में 7 पारियों में गेंदबाजी करते हुए वो केवल 1 विकेट अपने नाम कर सके। ये विकेट उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ लिया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article