क्रिकेट

IPL से संन्यास के बाद इस टी20 लीग में खेलते नजर आ सकते हैं रविचंद्रन अश्विन

इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास का ऐलान करने वाले भारत के स्टार स्पिनर रहे रविचंद्रन अश्विन जल्द ही इस टी20 लीग में खेलते नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी कुछ टीमों के साथ बातचीत हो रही है और वो नीलामी में भाग ले सकते हैं।

Image

रविचंद्रन अश्विन (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास के बाद रविचंद्रन अश्विन आईएलटी20 सीजन-4 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी में शामिल हो सकते हैं। इस लीग का आयोजन यूएई में होगा। सूत्रों ने आईएएनएस से कहा,'अश्विन ने आगामी आईएलटी20 नीलामी के लिए अपना नाम भेजा है। जाहिर है, कुछ टीमों ने नीलामी में आने पर अश्विन को साइन करने की पेशकश की है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आखिरकार उन्हें इस लीग के लिए कौन-सी टीम चुनती है।'

ऐसा रहा है अश्विन का टी20 और आईपीएल करियर

भारत की ओर से 106 टेस्ट और 116 वनडे मुकाबलों के लिए मैदान पर उतर चुके अश्विन ने 65 टी20 मैच भी खेले हैं। भारत की ओर से टी20 क्रिकेट में अश्विन ने 23.22 की औसत के साथ 72 विकेट हासिल किए। अश्विन ने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए भी खेला। वह किंग्स इलेवन पंजाब की कप्तानी भी कर चुके हैं। आईपीएल में अश्विन के प्रदर्शन को देखें, तो उन्होंने 221 मुकाबलों में 30.22 की औसत के साथ 187 विकेट हासिल किए। इसके अलावा 833 रन भी बनाए। वह 2010 और 2011 में सीएसके की आईपीएल जीत का अभिन्न हिस्सा थे। आईपीएल 2025 में अश्विन के प्रदर्शन को देखें, तो उन्होंने 9 मुकाबलों में महज सात ही विकेट हासिल किए थे।

इन टी20 लीग्स में खेलने का है विकल्प

आईपीएल से संन्यास के बाद, भारत के पूर्व ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर अश्विन के पास साउथ अफ्रीका 20, बीबीएल, द हंड्रेड और सीपीएल में खेलने के विकल्प भी हैं।

2 दिसंबर को शुरू होगा ILT20 का चौथा सीजन

आईएलटी20 का चौथा सीजन 2 दिसंबर से 4 जनवरी, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ियों की नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 10 सितंबर है, जबकि मुख्य नीलामी 30 सितंबर को दुबई में होगी। रॉबिन उथप्पा और यूसुफ पठान दुबई कैपिटल्स के लिए खेल चुके हैं, जबकि अंबाती रायडू एमआई एमिरेट्स की ओर से मैदान पर उतरे हैं। इस लीग में पांच टीमों के मालिक भारतीय हैं, जिनमें से तीन आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स का संचालन भी करते हैं।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article