आईपीएल के 7वें मैच में शुक्रवार को पंजाब किंग्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। यह पहला मौका है जब चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन अपने होम ग्राउंड पर उतरेगी। दोनों टीमों के लिए यह दूसरा मुकाबला है। चेन्नई सुपर किंग्स को अपने पहले मुकाबले में राजस्थान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था जबकि पंजाब किंग्स को गुजरात के खिलाफ जीत मिली थी। पिछला सीजन चेन्नई के लिए सबसे खराब रहा था और उसने नंबर 10 पर फिनिश किया था। इस बार भी शुरुआत कुछ खास नहीं हुई है। ऐसे में पंजाब के खिलाफ मैच से पहले CSK के पूर्व खिलाड़ी रविंचंद्रन अश्विन ने रुतुराज गायकवाड़ की टीम को एक बड़ा सुझाव दिया है।
अश्विन का CSK को सुझाव
चेन्नई अपना दूसरा मुकाबला अपने घर चेपॉक में खेलेगी। इस मैदान पर चेन्नई का जलवा रहा है। यहां खेले गए 77 मैच में 51 में उसे जीत मिली है और केवल 26 मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इस आंकड़े को अगर और भी मजबूत करना है तो अश्विन ने चेन्नई को सुझाव दिया। अश्विन ने कहा कि रुतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे में से किसी एक को 15 ओवर तक बैटिंग करनी होगी। उन्होंने इसके पीछे कारण भी बताया। अश्विन ने कहा कि CSK को इसलिए ऐसा करना होगा क्योंकि उसके पास डेवाल्ड ब्रेविस और एमएस धोनी जैसे फिनिशन नहीं हैं। दोनों चोट के कारण फिलहाल बाहर हैं।
पहले मैच में हुआ था नुकसान
राजस्थान के खिलाफ पहले मैच में चेन्नई ने संघर्ष किया था। उसके शुरुआती 4 विकेट 38 रन के स्कोर पर गिर गए थे। पावरप्ले में टीम संघर्ष करते नजर आई है। जेमी ओवर्टन ने 36 गेंद में 43 रन की पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम किसी तरह से 127 के स्कोर तक पहुंच पाई। लेकिन ये रन जीत के लिए काफी नहीं थे। पंजाब के खिलाफ चेन्नई को इन गलतियों से सबक लेकर और अश्विन की सलाह पर विचार कर उतरना होगा।
