क्रिकेट

टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच ने उठाए बर्मिंघम टेस्ट में बुमराह को बाहर रखने पर सवाल

टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने बर्मिंघम टेस्ट में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को बाहर रखने के निर्णय पर सवाल उठाए हैं और टीम मैनेजमेंट को आड़े हाथ लिया है।

Image

जसप्रीत बुमराह

Photo : AP

बर्मिंघम: भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पूरी तरह से फिट जसप्रीत बुमराह को आराम देने के भारत के फैसले पर हैरानी जताई और कहा कि इस तेज गेंदबाज को एक महत्वपूर्ण मैच से बाहर बैठने का विकल्प नहीं दिया जाना चाहिए था। पिछले साल अक्टूबर से टेस्ट क्रिकेट में खराब दौर से गुजर रहा भारत अपने पिछले नौ मैच में से सिर्फ एक जीत हासिल कर पाया है जो एक दशक से भी अधिक समय में उसका सबसे खराब प्रदर्शन है। शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टीम लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती टेस्ट में पांच विकेट से हार गई थी।

इस फैसले पर यकीन करना मुश्किल

शास्त्री ने ‘स्काई स्पोर्ट्स’ से कहा,'अगर आप भारत के प्रदर्शन को देखें तो यह बहुत ही महत्वपूर्ण टेस्ट मैच है। आपने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैच गंवाए, आपने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी तीन मैच गंवाए। आप यहां पहला टेस्ट मैच हार गए और आप जीत की राह पर वापस लौटना चाहते हैं। आपके पास दुनिया का सबसे अच्छा तेज गेंदबाज है और आप उसे सात दिन के ब्रेक के बाद बाहर बैठाते हैं, इस पर यकीन करना बहुत मुश्किल है।'

वर्कलोड मैनेज करने के लिए रखा गया बाहर

बुमराह ने लीड्स में पहले टेस्ट की पहली पारी में 14वीं बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट हासिल किए थे। बुधवार को टॉस के बाद गिल ने इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज माइकल आथर्टन से कहा कि बुमराह के गेंदबाजी को बोझ का प्रबंधन करने के लिए उन्हें आराम दिया गया है। गिल ने कहा,'सिर्फ उनकी गेंदबाजी के बोझ के प्रबंधन के लिए। हमें अच्छा ब्रेक मिला और यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मैच है। लेकिन तीसरा टेस्ट लॉर्ड्स में होने के कारण हमें लगता है कि वहां पिच से अधिक मदद मिलेगी इसलिए हम उन्हें वहां इस्तेमाल करेंगे।'

लॉर्ड्स टेस्ट में हो सकती है बुमराह की वापसी

हालांकि शास्त्री इस फैसले से पूरी तरह असहमत दिखे। क्रिकेटर से कमेंटेटर बने शास्त्री ने कहा,'यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण मैच है, उन्हें एक हफ्ते का ब्रेक मिला। मैं थोड़ा हैरान हूं कि कि बुमराह इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। इसे खिलाड़ी के हाथ से निकाल देना चाहिए। कप्तान और मुख्य कोच को यह तय करना चाहिए कि एकादश में से किसे खेलना चाहिए। यह श्रृंखला के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण मैच है। उन्हें इस मैच में खेलना चाहिए था। लॉर्ड्स बाद में आ सकता है। यह महत्वपूर्ण मैच है जहां आपको तुरंत ही पलटवार करना होगा।' भारतीय टीम प्रबंधन ने श्रृंखला से पहले यह स्पष्ट कर दिया था कि गेंदबाजी के बोझ के कारण बुमराह अधिकतम तीन टेस्ट मैच में खेलेंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article