क्रिकेट

धोनी के आईपीएल खेलने से पाकिस्तानी क्रिकेटर को हो रही है तकलीफ, बोले-पहले छोड़ देना चाहिए

MS Dhoni: एमएस धोनी के लिए इस सीजन कुछ भी सही नहीं हो रहा है। बल्लेबाजी के लिए नीचे आने पर पहले उनकी आलोचना की गई और अब पड़ोसी मुल्क से उनके करियर को लेकर एक बड़ी टिप्पणी की गई है। दरअसल पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर का मानना है कि उन्होें बहुत पहले ही आईपीएल छोड़ देना चाहिए।

Image

एमएस धोनी (साभार-X)

MS Dhoni: आईपीएल में खराब दौर से गुजर रहे महेंद्र सिंह धोनी को पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज राशिद लतीफ ने सलाह दी है कि उन्हें बहुत पहले ही खेलना छोड़ देना चाहिए था। 43 साल के धोनी ने आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के चार मैचों में नाबाद 30, 16, नाबाद 30 और नाबाद शून्य के मामूली स्कोर बनाये हैं। चेन्नई की टीम चार में से तीन मैच हारकर तालिका में सबसे नीचे नौंवें स्थान पर है।

राशिद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ''धोनी को बहुत पहले ही खेल छोड़ देना चाहिए था। एक विकेटकीपर की उम्र आमतौर पर 35 साल होती है, मैं इसका एक उदाहरण हूं... अगर मैं अच्छा प्रदर्शन करता हूं और जब मैं उच्च स्तर पर ऐसा नहीं करता हूं तो मेरी प्रतिष्ठा कम हो जाएगी। भले ही आपने इसे 15 साल तक किया हो, युवा पीढ़ी प्रभावित नहीं होगी।''

उन्होंने कहा, ''उनके खेलने से 2019 (वनडे विश्व कप) में भी उनकी टीम को फायदा नहीं हुआ, उन्हें तब समझ जाना चाहिए था। अगर आप एक खिलाड़ी की जगह टीम को चुन रहे हैं तो यह खेल के साथ अन्याय है, यही वजह है कि उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। मैंने 2-3 मैच देखे और भीड़ बहुत शोर मचाती है, लेकिन सीएसके को अभी अंक चाहिए, वे तालिका में सबसे नीचे हैं और अगर इसका कारण केवल एक या दो खिलाड़ी हैं तो आपको समय की जरूरत को समझने की जरूरत है।''

आईपीएल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के नहीं खेलने के बारे में राशिद लतीफ ने कहा, "जाहिर है, हम भी इसे (आईपीएल में खेलना) मिस करते हैं, अगर हम भी खेलते तो इससे दिलचस्पी और व्यवसाय बढ़ता। अगर हमारे खिलाड़ी खेल रहे होते तो कोई न कोई प्रसारणकर्ता इसे यहां जरूर दिखाता।"

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article