क्रिकेट

Ranji Trophy Quarter Final Preview: मुंबई का हरियाणा पर पलड़ा भारी, मैच से जुड़ी हर जानकारी यहां देखें

Ranji Trophy 2024 Quarter Final: रणजी ट्रॉफी 2025 का नॉकआउट का रोमांच आज से शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट का क्वार्टर फाइनल मुकाबला आज से शुरू हो रहा है। इसमें पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला केरला और जम्मू-कश्मीर के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला विदर्भ और तमिलनाडु के बीच, तीसरा क्वार्टर फाइनल हरियाणा और मुंबई के बीच और चौथा क्वार्टर फाइनल मुकाबला सौराष्ट्र और गुजरात के बीच खेला जाएगा।

Image

रणजी ट्रॉफी 2025 का क्वार्टर फाइनल मुकाबला आज से। (फोटो- AP)

Photo : AP

Ranji Trophy 2024 Quarter Final: डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई की टीम हरियाणा के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मैच में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में मैदान पर उतरेगी। पहले यह मैच हरियाणा के लाहली में खेला जाना था लेकिन भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसे स्थानांतरित करके ईडन गार्डंस को इसकी मेजबानी सौंप दी थी। बीसीसीआई ने हालांकि इसका कोई कारण नहीं बताया था।

हरियाणा को इस तरह से इस मैच में घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने का मौका नहीं मिलेगा जबकि मुंबई अपने पेशेवर दृष्टिकोण के कारण किसी भी तरह की परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने में माहिर है। हरियाणा का सामना 42 बार के चैंपियन मुंबई से हो रहा है और अगर उसे इस मैच में अपेक्षित परिणाम हासिल करना है तो उसे स्थान बदलने के बारे में सोचने के बजाय अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और ऑलराउंडर शिवम दुबे के जुड़ने से मुंबई को और अधिक मजबूती मिली है। यही नहीं मुंबई की टीम मेघालय को पारी और 456 रन से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची है और अब वह बढ़े मनोबल के साथ मैदान पर उतरेगी। मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे के पास कई विकल्प हैं और उनके लिए अंतिम एकादश का चयन करना आसान नहीं होगा।

पिछले मैच में मुंबई की तरफ से सिद्धेश लाड, आकाश आनंद और शम्स मुलानी ने शतक लगाए थे और यहां तक कि रहाणे ने भी 96 रन बनाए थे। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि सूर्यकुमार और दुबे को किन खिलाड़ियों के स्थान पर अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है। यहां तक कि तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने भी 42 गेंद पर 84 रन की तूफानी पारी खेली थी। शार्दुल के साथ बाएं हाथ के स्पिनर मुलानी और ऑफ स्पिनर तनुष कोटियान गेंदबाजी विभाग का मुख्य जिम्मा संभालेंगे। ऐसे में मुंबई का टीम प्रबंधन आयुष म्हात्रे, अमोघ भटकल और सूर्यांश शेडगे में से किन्हीं दो को बाहर कर सकता है।

सूर्यकुमार के लिए यह फॉर्म में वापसी करने का सुनहरा मौका होगा। वह इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज में केवल 28 रन ही बना पाए थे। जहां तक हरियाणा का सवाल है तो उसके पास कप्तान अंकित कुमार, निशांत सिंधु, हिमांशु राणा और युवराज सिंह के रूप में अच्छे बल्लेबाज हैं जबकि गेंदबाजी में उसे अंशुल कंबोज, अनुज ठकराल और जयंत यादव से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

तमिलनाडु और विदर्भ में रोचक मुकाबले की संभावना

नागपुर में खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल मैच में विदर्भ और तमिलनाडु आमने-सामने होंगे। विदर्भ छह मैच में जीत और 40 अंक लेकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है और वह घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाना चाहेगा। तमिलनाडु ग्रुप डी में सात मैचों में तीन जीत और तीन ड्रॉ के साथ तालिका में शीर्ष पर रहा। दूसरी ओर, विदर्भ ग्रुप बी में शीर्ष पर रहा। जहां तक विदर्भ की बल्लेबाजी का सवाल है तो सभी की निगाहें करुण नायर पर टिकी रहेंगी जिन्होंने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। तमिलनाडु की तरफ से एन जगदीशन, बाबा इंद्रजीत और विजय शंकर पर रन बनाने की मुख्य जिम्मेदारी होगी।

पुणे में जम्मू कश्मीर और केरल होंगे आमने-सामने

हरियाणा की तरह जम्मू कश्मीर को भी केरल के खिलाफ घरेलू परिस्थितियों का फायदा नहीं मिलेगा। पहले यह मैच जम्मू में खेला जाना था लेकिन बाद में इसे पुणे स्थानांतरित किया गया। इस मामले में हालांकि जम्मू कश्मीर क्रिकेट संघ ने जम्मू में मैदान की स्थिति को लेकर बीसीसीआई के सामने चिंता व्यक्त की थी और इसके बाद ही इस मैच का स्थल बदला गया।

शानदार वापसी से प्रेरणा लेना चाहेगा सौराष्ट्र

राजकोट में खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल मैच में सौराष्ट्र और गुजरात आमने सामने होंगे। इस मैच में सौराष्ट्र अपना विजय अभियान जारी रखने की कोशिश करेगा। सौराष्ट्र की मौजूदा रणजी सत्र में शुरुआत अच्छी नहीं रही थी तथा उसके पहले चार मैच के बाद केवल चार अंक थे। इसके बाद उसने अगले तीन मैच बोनस अंक के साथ जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह सुरक्षित की। सौराष्ट्र की निगाह पांच वर्ष में तीसरा खिताब जीतने पर टिकी होगी लेकिन वह गुजरात को कम करके आंकने की गलती नहीं करेगा। गुजरात ने लीग चरण में 32 अंक हासिल किए थे और वह अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की कोशिश करेगा।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article