शहर

सीएम योगी का सख्त आदेश, उखड़ी सड़कें नहीं सुधरीं तो होगी FIR; लापरवाह ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की समय पर मरम्मत कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

Image

फाइल फोटो।

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आगरा में अधिकारियों को चेताया कि उखड़ी सड़कें ठीक नहीं होने पर प्राथमिकी दर्ज होगी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार आदित्यनाथ ने आगरा के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन कमिश्नरी सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए योगी ने अधिकारियों को चेताया कि जनसुविधाओं और विकास कार्यों में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ दर्ज होगी प्राथमिकी

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि सड़क तोड़ी गई है, तो ठेकेदार को सड़क का निर्माण करना होगा। उन्होंने कार्य संतोषजनक नहीं मिलने पर ठेकेदारों को काली सूची में डालने और संबंधित अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।

रेहड़ी-पटरी वालों को वेंडिंग जोन में जगह देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशील होने का निर्देश देते हुए कहा कि फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को उजाड़ा न जाए, बल्कि उन्हें उचित ’वेंडिंग जोन’ में जगह दी जाए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने आयुष्मान कार्ड और सूचीबद्ध अस्पतालों के भुगतानों का सत्यापन कर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग को लेकर उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजे गए धन का उपयोग सुनिश्चित कराने के लिए अभिभावकों के साथ बैठकें की जाएं।

(इनपुट- भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article