Ranji Trophy 2025: रणजी ट्रॉफी 2025-26 के एलीट ग्रुप-सी मुकाबले में असम के बल्लेबाजों ने शानदार जज्बा दिखाते हुए बुधवार को बंगाल के खिलाफ मैच को ड्रॉ पर समाप्त किया। हालांकि, मेजबान बंगाल ने पहली पारी की बढ़त के आधार पर महत्वपूर्ण तीन अंक हासिल करने में सफलता पाई। दूसरी ओर, ग्रुप-सी के अन्य मुकाबलों में गुजरात और सेना (सर्विसेज) ने अपनी-अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को करारी शिकस्त दी।
असम ने कप्तान की जुझारू पारी से मैच बचाया
असम ने चौथे और अंतिम दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 98 रन से की थी और उसे बंगाल के पहली पारी के स्कोर तक पहुंचने के लिए 144 रन और बनाने थे। तीसरे दिन आठ रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में फंसी असम की पारी को कप्तान सुमित घडीगांवकर (222 गेंद में 67 रन), डेनिश दास (133 गेंद में 73 रन) और शिवशंकर रॉय (144 गेंद में 52 रन) के अर्धशतकों ने संभाला। असम की टीम अंततः नौ विकेट पर 282 रन बनाने में सफल रही।
डेनिश दास और घडीगांवकर ने चौथे विकेट के लिए 111 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी करके पारी को स्थिर किया। इस साझेदारी को इशान पोरेल ने दास को बोल्ड करके तोड़ा। इसके बाद घडीगांवकर ने शिवशंकर रॉय के साथ पांचवें विकेट के लिए 58 रन जोड़े, जिससे हार का खतरा टल गया।बंगाल की ओर से स्पिनर शाहबाज नदीम ने चार विकेट और अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने दो विकेट चटकाए।मैच ड्रॉ होने के बाद असम को एक अंक मिला, जबकि बंगाल को पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक मिले।
गुजरात ने उत्तराखंड को हराया
देहरादून में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने उत्तराखंड को 146 रन से हराकर पूरे छह अंक हासिल किए।
गुजरात द्वारा दिए गए 343 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तराखंड की टीम अंतिम दिन बिना विकेट खोए 43 रन से आगे खेलने उतरी, लेकिन पूरी टीम 197 रन पर सिमट गई।गुजरात की ओर से विशाल जायसवाल ने 72 रन देकर चार विकेट और सिद्धार्थ देसाई ने 44 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
सेना की करारी जीत, अमित शुक्ला 'प्लेयर ऑफ द मैच'
लाहली में खेले गए मुकाबले में सेना (सर्विसेज) ने हरियाणा को 211 रन से करारी शिकस्त दी और छह अंक बटोरे।सेना के 377 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा की टीम छह विकेट पर 136 रन से आगे खेलते हुए सिर्फ 166 रन पर ढेर हो गई।सेना की तरफ से पुल्कित नारंग ने पांच विकेट, जबकि अमित शुक्ला ने तीन विकेट चटकाए।पहली पारी में 27 रन पर आठ विकेट चटकाने वाले अमित शुक्ला को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
