क्रिकेट

Ranji Trophy 2025: करुण नायर ने छोड़ा विदर्भ का साथ, रवि कुमार समर्थ की हुई टीम में एंट्री

Vidarbha Cricket Team: भारत के सबसे प्रतिष्ठित डोमेस्टिक टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी से पहले विदर्भ की टीम में एक बड़ा बदलाव हो गया है। दरअसल करुण नायर ने विदर्भ से बाहर होने का फैसला किया है और इस पर मुहर भी लग गई है। उनकी जगह रिप्लेसमेंट का भी ऐलान हो गया है।

Image

करुण नायर (फोटो- PTI)

Vidarbha Cricket Team: गुरुवार से भारतीय घरेलू क्रिकेट सत्र (2025-26) की शुरुआत दलीप ट्रॉफी से हो रही है। इसी बीच करुण नायर और विदर्भ क्रिकेट टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर आई है। करुण नायर के बारे में यह सूचना बहुत पहले मिली थी कि वह आगामी रणजी सीजन कर्नाटक की तरफ से खेलेंगे। लेकिन, अब विदर्भ क्रिकेट टीम में उनकी जगह कौन लेगा, इसकी पुष्टि हो गई है।

करुण नायर पिछले दो घरेलू सीजन से विदर्भ क्रिकेट टीम के लिए खेल रहे थे, लेकिन उन्होंने 2025-26 सत्र के लिए अपनी घरेलू टीम कर्नाटक लौटने का फैसला किया है। विदर्भ क्रिकेट टीम ने करुण की जगह रवि कुमार समर्थ को शामिल करने का फैसला किया है। जैसा प्रदर्शन करुण नायर ने विदर्भ के लिए किया था, उसे देखते हुए विदर्भ टीम में उनकी जगह लेना आसान नहीं है, लेकिन रविकुमार के लिए नई टीम में खुद को साबित करने का यह अच्छा मौका है।

कौन हैं समर्थ ?

समर्थ कर्नाटक से संबंध रखते हैं और इसी टीम के लिए 2013 से 2024 तक खेले हैं। 2024-25 सीजन के लिए वह उत्तराखंड चले गए थे। समर्थ, करुण नायर और गणेश सतीश के बाद विदर्भ के लिए खेलने वाले कर्नाटक के तीसरे क्रिकेटर हैं। 32 साल के रविकुमार समर्थ ओपनिंग बल्लेबाज हैं। 95 प्रथम श्रेणी मैचों की 166 पारियों में 15 शतक और 35 अर्धशतक लगाते हुए वह 6,157 रन बना चुके हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 235 रन है।

करुण नायर ने दिलाई थी टीम को जीत

करुण नायर का पिछले रणजी सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन रहा था, और उन्होंने विदर्भ को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। करुण ने पिछले रणजी सीजन के 9 मैचों में 863 रन बनाए थे। इसी प्रदर्शन के आधार पर लगभग 8 साल बाद उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी की थी। उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया था।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article