क्रिकेट

ब्रांड से पहले इंसान बनें, रमीज राजा ने बाबर आजम की आलोचना पर शोएब अख्तर को हड़काया

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Feb 25, 2023, 12:16 PM IST

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चेयरमेन रमीज राजा ने कड़े शब्दों में रावलपिंडी एक्सप्रेस शोएब अख्तर की आलोचना की है। अख्तर ने हाल ही में पाक के कप्तान बाबर आजम पर कॉमेंट किया था और कहा था कि उन्हें अंग्रेजी बोलनी नहीं आती है। रमीज ने कहा अख्तर भ्रमित सुपरस्टार हैं।

Image

शोएब अख्तर और रमीज राजा

Photo : Twitter

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चीफ रमीज राजा ने रावलपिंडी एक्सप्रेस शोएब अख्तर की कड़े शब्दों में आलोचना की है। अख्तर ने हाल ही में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को लेकर कॉमेंट किया था। उन्होंने कहा था कि वह ठीक से अंग्रेजी बोलना भी नहीं जानते हैं। उनके इस कॉमेंट पर पूर्व विकेटकीपर कामरान अकमल ने भी उन पर निशाना साधा था।

पहले इंसान बने बाद में ब्रांड

अब रमीज राजा ने एक स्थानीय न्यूज चैनल से बात करते हुए बाबर आजम पर किए गए अख्तर की कॉमेंट पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा 'शोएब अख्तर को भ्रम है कि वह सुपरस्टार हैं। हाल ही में उनका कामरान अकमल से भी विवाद हुआ था। वह चाहते हैं कि हर कोई एक ब्रांड बने, लेकिन पहले इंसान बनना ज्यादा जरूरी है। पहले इंसान बनो फिर ब्रांड।

हमारे पूर्व खिलाड़ी भ्रामक बयान देकर हमारे क्रिकेट ब्रांड को नीचा दिखाते हैं। आप हमारे पड़ोसी देश में ऐसा होते हुए कभी नहीं देख पाएंगे। आपने सुनील गावस्कर को कभी राहुल द्रविड़ की आलोचना करते नहीं देखा होगा। यह केवल पाकिस्तान में होता है, जहां पूर्व खिलाड़ी दूसरों को अपना काम पेशेवर तरीके से नहीं करने देते।'

पहले योग्य बनें शोएब अख्तर

हाल ही में खबर आई थी कि शोएब अख्तर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का चेयरमेन बनने की इच्छा रखते हैं। इस पर रमीज राजा ने कटाक्ष करते हुए कहा 'वह पहले ग्रेजुएट की डिग्री हासिल करें। पीसीबी चेयरमेन बनने की योग्यता हासिल करें फिर इसके बारे में सोचें।

शोएब अख्तर का क्रिकेट करियर

1997 में डेब्यू करने वाले शोएब अख्तर ने 2011 वर्ल्ड कप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 46 टेस्ट, 163 वनडे और 15 T20I मैच खेले हैं।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article