शहर

'हमारे पास सिर्फ डेढ़ महीने का वक्त', रेस क्लब एक्शन के बीच राखी लेकर राहुल गांधी से मिलने कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं महिलाएं

केंद्र सरकार ने लुटियंस दिल्ली में स्थित 100 साल पुराने ऐतिहासिक 'दिल्ली रेस क्लब' के 53 एकड़ परिसर का कब्जा ले लिया है। वहीं, आज पास की बीआर कैंप बस्ती की महिलाओं ने रक्षाबंधन पर विस्थापन के खिलाफ राहुल गांधी से मिलने कांग्रेस मुख्यालय पहुंची।

Image

रक्षाबंधन पर राहुल गांधी के पास पहुंचीं बीआर कैंप की महिलाएं

Photo : ANI

राजधानी दिल्ली के लुटियंस क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक 'दिल्ली रेस क्लब' का 100 साल पुराना सफर अचानक नाटकीय मोड़ पर आकर समाप्त हो गया है।

केंद्र सरकार के भूमि एवं विकास कार्यालय ने कार्रवाई करते हुए लोक कल्याण मार्ग पर बने 53 एकड़ के इस विशाल परिसर का पूर्ण कब्जा ले लिया है। कब्जे की प्रक्रिया पूरी होते ही परिसर के भीतर बनी इमारतों और बुनियादी ढांचे को ध्वस्त करने का काम शुरू कर दिया गया। इसी बीच, रेस कोर्स के पास स्थित बीआर कैंप (BR Camp) की रहने वाली महिलाएं रक्षाबंधन के अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं।

महिलाओं का कहना था कि रेस क्लब प्रशासन की कार्रवाई से उनके आशियानों पर भी संकट मंडरा रहा है और उन्हें डेढ़ महीने में जगह खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है। महिलाओं ने राहुल गांधी से पास में ही वैकल्पिक मकान दिलाने की अपील की है। कानून और प्रशासन के इस कड़े कदम से लुटियंस दिल्ली का यह ऐतिहासिक अध्याय अब इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है।

पटियाला हाउस कोर्ट के फैसले के बाद एक्शन

यह पूरी प्रशासनिक कार्रवाई पटियाला हाउस अदालत के उस फैसले के बाद हुई, जिसमें कोर्ट ने क्लब की अंतरिम रोक वाली अर्जी को खारिज कर दिया था। क्लब प्रबंधन ने बेदखली के आदेश पर रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन राहत न मिलने पर सरकार ने तत्काल कार्रवाई की। बुलडोजर ने क्लब के कई ऐतिहासिक ढांचे जैसे अस्तबल, विनिंग पोस्ट, बुकमेकर्स रिंग, सैडलिंग एनक्लोजर और फोटो-फिनिश कैमरा रूम को गिरा दिया।

कार्रवाई से रेस क्लब से जुड़े लोगों और घोड़ों के मालिकों में भारी निराशा

इस अचानक हुई कार्रवाई से रेस क्लब से जुड़े लोगों और घोड़ों के मालिकों में भारी निराशा है। परिसर में करीब 250 महंगे और बेहतरीन नस्ल के थोरब्रेड (Thoroughbred) घोड़े मौजूद थे, जिनकी कीमत 3 लाख से 50 लाख रुपये तक है। लगभग 200 घोड़ों को उनके मालिक वापस ले चुके हैं, जबकि बचे हुए घोड़ों को देश के अन्य रेसिंग सेंटरों में सुरक्षित भेजा जा रहा है। खाली करने के लिए 14 सितंबर तक का समय तय किया गया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!