टीम इंडिया ने रोहित शर्मा के नेतृत्व में धर्मशाला टेस्ट जीतकर 5 मैच की सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। पहले मैच में हार झेलने के बाद टीम इंडिया की युवा ब्रिगेड ने इस सीरीज में जिस तरह से वापसी की उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है। हैदराबाद टेस्ट हारने के बाद रोहित की सेना ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक लगातार चार जीत दर्ज की।
टीम इंडिया का दमदार प्रदर्शन
भारत और इंग्लैंड के बीच यह सीरीज बेहद यादगार होगा। इस सीरीज में टीम इंडिया विराट कोहली, मोहम्मद शमी और केएल राहुल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के बिना उतरी थी, लेकिन इस सीरीज में डेब्यू करने वाले सरफराज खान, ध्रुव जुरेल, देवदत्त पडिक्कल और आकाशदीप जैसे खिलाड़ियों ने बल्ले और गेंद से योगदान देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सरफराज खान और देवदत्त पडिक्कल ने डेब्यू मैच पर ही अर्धशतकीय पारी खेली।
द्रविड़ ने की रोहित की तारीफ
मैच के बाद टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने टीम और कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रुम का माहौल कूल रखने का श्रेय कप्तान को जाता है। इसके अलावा उन्होंने हिटमैन के टेस्ट क्रिकेट जर्नी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आगे कहा 'रोहित को बल्लेबाजी करते हुए देखना सुखद है, मीडिल ऑर्डर से लेकर ओपनिंग बल्लेबाजी का उनका यह सफऱ शानदार रहा। राजकोट में 3 विकेट गिरने के बाद रोहित का शतक शानदार रहा।
सालाना कांट्रैक्ट पर भी तोड़ी चुप्पी
बीसीसीआई द्वारा हाल ही में जारी किए गए सालाना कांट्रैक्ट पर भी राहुल ने पहली बार प्रतिक्रिया दी। इस सालाना कांट्रैक्ट में ईशान किशन और श्रेयस अय्यर को जगह नहीं मिली थी। ऐसा माना जा रहा था कि कोच अय्यर से नाराज हैं। इससे पहले ईशान किशन ने रणजी ट्रॉफी खेलने से मना कर दिया था और यही कारण है कि उन्हें सालाना कांट्रैक्ट में शामिल नहीं किया गया। जब इसको लेकर राहुल ने सवाल किया गया तो उन्होंने कहा 'रोहित और मैं प्लेइंग 11 का चयन करते हैं - कभी-कभी मुझे यह भी नहीं पता होता है कि कौन कांट्रैक्ट में है और कौन नहीं- मैं इसको लेकर कोई निर्णय या चर्चा नहीं करता हूं, ईशान और अय्यर दोनों अच्छा करें और चयनकर्ताओं को उन्हें फिर से चुनने के लिए मजबूर करें, कोई भी टीम इंडिया की रेस से बाहर नहीं है"
