अहमदाबाद: न्यूजीलैंड के 23 वर्षीय युवा बल्लेबाज रचिन रवींद्र ने विश्व कप 2023 में आतिशी आगाज किया। विश्व कप में डेब्यू मैच में रचिन ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंद में शानदार छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद इसी अंदाज में पारी को आगे बढ़ाते हुए अपना शतक भी 82 गेंद 9 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके साथ ही रचिन रवींद्र विश्व कप इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ये उपलब्धि 23 साल 321 दिन में ये उपलब्धि हासिल की। रचिन रवींद्र को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रवींद्र अंत में 96 गेंद में 123 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 5 छक्के जड़े।
कॉन्वे के साथ की रिकॉर्ड साझेदारी
विल यंग के खाता खोले बगैर पवेलियन लौटने के बाद बल्लेबाजी करने आए रचिन रवींद्र ने शानदार अंदाज में पारी का आगाज किया। उन्होंने खुद से 9 साल बड़े डेवोन कॉन्वे का पिच पर पैर जमाने के बाद बखूबी साथ दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 211 गेंद में नाबाद 273 रन की साझेदारी हुई। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार शतक जड़े। साझेदारी में रवींद्र ने 123 (96) और कॉन्वे ने 142 (115) रन का योगदान दिया।
विश्व कप डेब्यू में शतक जड़ने वाले पांचवें कीवी
रचिन रवींद्र विश्व कप डेब्यू में शतक जड़ने वाले पांचवें कीवी बल्लेबाज बन गए हैं। रवींद्र से पहले ग्लेन टर्नर(1975), नाथन एस्टल(1996), स्कॉट स्टायरिस(2003) और डेवोन कॉन्वे(2023) ये कारनामा कर चुके थे। ऐसे में रचिन रवींद्र ये स्पेशल उपलब्धि हासिल करने वाले पांचवें कीवी बल्लेबाज बन गए। एक ही मैच में दो कीवी बल्लेबाजों ने डेब्यू मैच में शतक जड़ने का कारनामा किया है।
