क्रिकेट

भारतीय दिग्गज क्रिकेटर ने किया उस्मान तारिक का बचाव, गेंदबाजी एक्शन पर कही यह कड़वी बात

पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक 2026 T20 वर्ल्ड कप में यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका के खिलाफ मैच जिताने वाली परफॉर्मेंस के बाद एक बार फिर अपने बॉलिंग एक्शन को लेकर सुर्खियों में हैं। उनके बॉलिंग एक्शन को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। ऑनलाइन बढ़ती आलोचना के बीच अनुभवी भारतीय ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बॉलर्स का बचाव किया है।

Image

आर अश्विन ने किया उस्मान तारिक का बचाव। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान ने कोलंबो में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में यूएसए को 52 रन से मात दी। पाकिस्तान की इस जीत में उस्मान तारिक ने अहम योगदान दिया। उन्होंने 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। हालांकि, मैच के बाद तारिक को लेकर एक पुरानी बहस ने फिर से जन्म ले लिया। उनके बॉलिंग एक्शन को लेकर सोशल मीडिया पर हो हल्ला मचने लगा।

तारिक के खास 'पॉज-एंड-डिलीवर' एक्शन ने सोशल मीडिया पर 'चकिंग' के आरोपों की नई लहर पैदा कर दी है। जबकि ICC ने पिछले साल दो बार उनके एक्शन को क्लीन चिट दे दी थी। एक यूजर ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'फुटबॉल में भी अब खिलाड़ियों को पेनल्टी रन-अप के दौरान रुकने की इजाजत नहीं है। यह कैसे ठीक है? एक्शन- सब ठीक है। लेकिन रुकना? वह भी डिलीवर करने के लिए लोड करते समय। इसे सीरियसली जारी नहीं रखा जा सकता।'

आर अश्विन ने किया बचाव

अब इस विवाद पर भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने अपनी राय दी है। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाज का बचाव किया। अश्विन कहा कि क्रिकेट के नियम अक्सर गेंदबाजों पर बहुत ज्यादा रोक लगाते हैं। अश्विन ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'सहमत हूं कि फुटबॉल इसकी इजाजत नहीं देता! जबकि बल्लेबाज एक तरफ बैटिंग करने के बाद अंपायर या गेंदबाज को बताए बिना स्विच-हिट या रिवर्स कर सकता है, तो रोक सिर्फ गेंदबाज तक ही क्यों है? असल में, गेंदबाज को अंपायर को बताए बिना जिस हाथ से वह बॉलिंग करता है उसे बदलने की इजाजत नहीं है। उन्हें पहले वह नियम बदलना चाहिए।'

क्या कहता है आईसीसी का नियम

ICC नियमों के तहत, गेंदबाज की कोहनी का एक्सटेंशन हाथ के हॉरिजॉन्टल तक पहुंचने और रिलीज पॉइंट के बीच 15 डिग्री से ज्यादा नहीं होना चाहिए। यह एक गाइडलाइन है जिसका जिक्र तारिक की ऑनलाइन आलोचना में अक्सर किया जाता है। स्पिनर ने पहले भी इस जांच का जवाब दिया है और जोर देकर कहा है कि उनका हाथ का मुड़ना नैचुरल है।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article