नई दिल्ली: मुख्य कोच रिकी पॉन्टिंग ने पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों से शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से चुस्त रहने के साथ ही पिछले साल के उनके शानदार प्रदर्शन से आत्मविश्वास लेने की सलाह दी है। पंजाब किंग्स पिछले साल एक दशक बाद आईपीएल फाइनल में पहुंची थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से शिकस्त का सामना करना पड़ा। इससे टीम का आईपीएल चैंपियन बनने का ख्वाब पूरा नहीं हो सका।
पंजाब किंग्स ने शुरू की तैयारी
श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम ने जिस दबदबे वाली खेल शैली का प्रदर्शन किया था उसे जारी रखते हुए पंजाब किंग्स इस साल आईपीएल में सबसे मजबूत टीमों में से एक बन सकती है। फ्रेंचाइजी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में पॉन्टिंगके हवाले से कहा गया है,'यह प्रशिक्षण है, यह तैयारी है। यह 31 तारीख को होने वाले पहले मैच के लिए खुद को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से तैयार करने के बारे में है।'
31 मार्च को पंजाब गुजरात के खिलाफ खेलेगी पहला मैच
पंजाब किंग्स 31 मार्च को मुल्लांपुर में सत्र के अपने पहले मैच में गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी। पॉन्टिंग ने कहा,'मैं चाहता हूं कि आप पीछे मुड़कर देखें और सोचें कि आपने पिछले साल इस टीम में क्या योगदान दिया और उसी ने हमें एक अच्छी टीम बनाया।' इस दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई कोच ने अपने खिलाड़ियों से कहा कि टीम की योजना पर टिके रहते हुए, अगर असफलता भी मिलती है, तो उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। हम सब गलतियां करते हैं। यह ठीक है। इस दौरान मुझसे भी गलतियां होंगी। आप सब भी गलतियां करेंगे, कैच छोड़ेंगे, खराब शॉट खेलेंगे, खराब ओवर फेंकेंगे।'
इस चीज को पॉन्टिंग नहीं मानते हैं गलती
इस पूर्व दिग्गज ने कहा, 'लेकिन जब तक आप अपने खेल की रणनीति पर कायम हैं, अगर आप कोई गलती करते हैं, तो मेरी नजर में वह गलती नहीं है। खेल में ऐसा होता रहता है, यह खेल का हिस्सा है।'
(IANS)
