क्रिकेट

IND vs SA 1st Test: दक्षिण अफ्रीका के कोच ने WTC फाइनल में जीत से की कोलकाता टेस्ट विजय की तुलना, अब देख रहे हैं ये सपना

क्षिण अफ्रीका के कोच शुकरी कोनराड ईडन गार्डन्स में भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत की तुलना वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में मिली जीत से करते हुए कहा कि उनका देश अब तेज गेंदबाजों वाला देश नहीं रहा।

Image

शुकरी कोनराड और टेम्बा बावुमा

Photo : AP

कोलकाता: दक्षिण अफ्रीका के कोच शुकरी कोनराड ईडन गार्डन्स में भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में अपने स्पिनरों का दबदबा देखकर अभिभूत थे। इससे उन्हें यह संकेत मिला कि उनका देश अब सिर्फ ‘तेज गेंदबाजों वाला देश’ नहीं रहा और उम्मीद है कि आगे और भी कई स्पिन गेंदबाज अपने प्रदर्शन से प्रभावित करेंगे। पाकिस्तान में 1-1 से श्रृंखला ड्रॉ खेलने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को भारत को उसकी ही स्पिन गेंदबाजी वाली पिच पर 30 रनों से हराकर दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली।

हम बेहतरीन स्पिनरों के साथ आ सकते हैं उपमहाद्वीप

कोनराड ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा,'हम इस बात से रोमांचित हैं कि हम उपमहाद्वीप में बेहतरीन स्पिनरों के साथ आ सकते हैं। इससे पहले जब हम उपमहाद्वीप में आते थे तो हमेशा कमजोर पड़ जाते थे। मुझे लगता है कि यह मानसिकता में बदलाव भी था कि आपको स्पिन गेंदबाज पर अपना विश्वास दिखाना शुरू करना होगा।' यह दक्षिण अफ्रीका की भारत में 15 साल से ज़्यादा समय में पहली टेस्ट जीत थी और अब वे 25 साल बाद भारत में टेस्ट श्रृंखला जीतने का सपना देख रहे हैं। भारत में उनकी एकमात्र श्रृंखला जीत 2000 में हैंसी क्रोन्ये के नेतृत्व में मिली थी।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जैसी है ये जीत

कोनराड ने कहा,'मुझे लगता है कि यह हमारे घरेलू खेल के लिए भी कमाल का होगा क्योंकि युवा अब देख सकते हैं कि हम स्पिनरों को भी पसंद करते हैं। यह केवल तेज गेंदबाजी वाला देश नहीं है।' कोनराड ने कहा कि ईडन गार्डन्स में मिली जीत लॉर्ड्स में उनकी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीत के बराबर है क्योंकि भारत को उसके घर में हराने के लिए रणनीतिक स्पष्टता और मानसिक दृढ़ता दोनों की जरूरत होती है। उन्होंने कहा,'मैंने कुछ दिन पहले फिर कहा था, हमने साल की शुरुआत में लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जीता था। यह हमारे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि थी।'

सीरीज जीतना है हमारा लक्ष्य

कोनराड ने आगे कहा, 'हम कभी हार नहीं मानते। मुझे उस टीम पर बहुत गर्व है। उनके आत्मविश्वास और एकजुट होने के तरीके पर गर्व है। यह हमारी मानसिकता पर बहुत अच्छा असर डालेगा। यह आगे चलकर हमारे लिए बहुत अच्छा साबित होगा।' कोनराड को हालांकि पता है उनका काम अभी पूरा नहीं हुआ है क्योंकि टीम का लक्ष्य भारत में श्रृंखला जीतना है। उन्होंने कहा,'हमने पाकिस्तान में एक टेस्ट मैच जीता था। अब हमने यहां भी एक टेस्ट मैच जीत लिया है। लेकिन काम अभी पूरा नहीं हुआ है। आप किसी देश में सिर्फ टेस्ट मैच जीतने नहीं आते,आप श्रृंखला जीतना चाहते हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article