टी20 विश्व कप विजेता और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को मंगलवार, 23 जून को नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया। रोहित शर्मा इस समारोह में सम्मानित होने वाले 65 व्यक्तियों में से एक थे। रोहित के अलावा हॉकी स्टार सविता पूनिया को पद्म श्री जबकि टेनिस के दिग्गज विजय अमृतराज को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। सविता को ग्रेट वॉल ऑफ विमेंस हॉकी के नाम से जाना जाता है। वह लगातार 3 बार एफआईएच द्वारा साल की सर्वश्रेष्ट गोलकीपर चुनी जाने वाली इकलौती खिलाड़ी हैं। डॉ विजय अमृतराज 14 साल तक एशिया के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी रहे। उन्होंने 16 सिंगल्स 13 डबल्स खिताब अपने नाम किए जो एशिया में एक रिकॉर्ड है।
बात रोहित की करें तो वह ब्लैक सूट में आए थे और उनके चेहरे पर इस सम्मान को पाने की खुशी साफ झलक रही थी। इस खास मौके पर रोहित की पत्नी रितिका भी मौजूद थीं। जब रोहित राष्ट्रपति मुर्मू से सम्मान ग्रहण करने के लिए मंच पर आए तो रितिका और रोहित के भाई ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। सम्मान स्वीकार करने से पहले रोहित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिवादन किया।
