क्रिकेट

प्रीति जिंटा ने धर्मशाला के प्रशंसकों से क्यों मांगी माफी?

भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष की वजह से धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबले को रद्द किए जाने के बाद पंजाब किंग्स की मालकिन प्रीति जिंटा ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को संयम दिखाने के लिए धन्यवाद दिया और अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी है।

Image

प्रीति जिंटा और प्रेमकुमार धूमल (साभार IPL/BCCI)

नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष के कारण पहाड़ी शहर धर्मशाला में ‘ब्लैकआउट’ के चलते पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच रद्द होने के कुछ दिनों बाद अभिनेत्री और पंजाब आईपीएल टीम की सह मालिक प्रीति जिंटा ने स्टेडियम में दर्शकों को नहीं घबराने के लिए रविवार को धन्यवाद दिया। पंजाब की टीम बृहस्पतिवार को 10.1 ओवर में एक विकेट पर 122 रन बना चुकी थी जब बत्ती गुल हो गई जिसे पहले फ्लडलाइट की विफलता के कारण माना गया। टीमों और दर्शकों को उनकी सुरक्षा के लिए स्टेडियम से बाहर निकाला गया।

रूखे व्यवहार के लिए मांगी फामी

प्रीति ने कहा कि वह पिछले कुछ दिनों की अफरातफरी के बाद आखिरकार घर वापस आ गई हैं। उन्होंने रविवार को प्रशंसकों को धन्यवाद दिया। प्रीति ने ‘एक्स’ पर लिखा,'धर्मशाला स्टेडियम में मौजूद सभी लोगों को- नहीं घबराने और किसी भी तरह की भगदड़ नहीं करने के लिए धन्यवाद... मुझे खेद है कि मेरा बर्ताव थोड़ा रूखा था और मैंने सभी के साथ तस्वीरें लेने से मना कर दिया लेकिन समय की मांग सभी की सुरक्षा थी और यह सुनिश्चित करना मेरा कर्तव्य और जिम्मेदारी थी कि सभी सुरक्षित रहें। इसे संभव बनाने के लिए धन्यवाद।'

दर्शकों ने दिखाया संयम

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ स्टेडियम की क्षमता लगभग 23,000 दर्शकों की है और बृहस्पतिवार को स्टेडियम खाली कराए जाने के दौरान यह लगभग 80 प्रतिशत भरा हुआ था। भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव के कारण शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि मौजूदा स्थिति में टूर्नामेंट को जारी रखना उचित नहीं होगा।

ट्रेन से धर्मशाला से दिल्ली लाए गए खिलाड़ी

पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स दोनों टीमों के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को धर्मशाला से निकाला गया और कड़ी सुरक्षा के बीच होशियारपुर के रास्ते जालंधर रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया। टीमें शुक्रवार रात विशेष ‘वंदे भारत एक्सप्रेस से नयी दिल्ली पहुंचीं। पाकिस्तानी हमलों को रोकने के लिए एहतियाती उपायों के तहत धर्मशाला के एकमात्र हवाई अड्डे और पड़ोसी कांगड़ा तथा चंडीगढ़ के हवाई अड्डों को बंद कर दिया गया।

रेल मंत्री का अदा किया शुक्रिया

प्रीति ने अपनी पोस्ट में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह, आईपीएल के अध्यक्ष अरुण धूमल और पंजाब किंग्स के सीईओ सतीश मेनन को उनके निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। प्रीति ने कहा,'भारतीय रेलवे और हमारे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को दोनों आईपीएल टीम और सभी अधिकारियों और परिवारों को सुरक्षित, तेज और आरामदायक तरीके से धर्मशाला छोड़ने में मदद करने के लिए हार्दिक धन्यवाद। धर्मशाला में हमारे स्टेडियम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से खाली कराने में मदद करने के लिए जय शाह, अरुण धूमल, बीसीसीआई और हमारे सीईओ सतीश मेनन और पंजाब किंग्स की संचालन टीम को बहुत-बहुत धन्यवाद। सब कुछ बहुत अच्छी तरह से संभाला गया।'

जल्द होगी आईपीएल के दूसरे चरण की शुरुआत

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शनिवार को कहा था कि बोर्ड के अधिकारी और आईपीएल संचालन परिषद भारत और पाकिस्तान के बीच सहमति बनने के बाद निलंबित टी20 लीग को फिर से शुरू करने के सर्वोत्तम संभावित कार्यक्रम पर रविवार को चर्चा करेंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article