क्रिकेट

क्या सेलेक्टर बनेंगे प्रवीण कुमार, रिपोर्ट में आवेदन करने का दावा

रिपोर्ट की मानें तो टीम इंडिया के तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने सेलेक्टर पद के लिए आवेदन किया। पिछले साल से प्रवीण उत्तर प्रदेश की सीनियर पुरुष टीम के मुख्य चयनकर्ता के रूप में कार्यरत हैं।

Image

प्रवीण कुमार (साभार-ICC)

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के पांच सदस्यीय पैनल में स्थान पाने के लिए आवेदन किया है। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सीनियर पुरुष टीम की चयन समिति में दो रिक्तियों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर है।आईएएनएस को सूत्रों ने बताया, "यह पुष्टि हो गई है कि प्रवीण कुमार ने मध्य क्षेत्र से अगले राष्ट्रीय चयनकर्ता बनने के लिए आवेदन किया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन-कौन आवेदन करता है, क्योंकि पांच दिन बाद आवेदन की अंतिम तिथि है।"

पिछले साल से प्रवीण उत्तर प्रदेश की सीनियर पुरुष टीम के मुख्य चयनकर्ता के रूप में कार्यरत हैं। वह भारत के लिए 2007 से 2012 के बीच छह टेस्ट, 68 वनडे और 10 टी20 मैच खेल चुके हैं। वर्तमान चयन समिति में पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज सुब्रतो बनर्जी मध्य क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। सूत्रों ने आईएएनएस को बताया है कि भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आरपी सिंह भी राष्ट्रीय चयनकर्ता बनने के लिए आवेदन करने की दौड़ में थे, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया।

आरपी सिंह ने 2005 से 2011 तक भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 82 मैच खेलते हुए 124 विकेट हासिल किए। वह साल 2007 में साउथ अफ्रीका में पहला मेंस टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा भी रहे। आईएएनएस को यह भी पता चला है कि भारत के पूर्व बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने दक्षिण क्षेत्र से राष्ट्रीय चयनकर्ता बनने के लिए आवेदन किया है।

सीनियर पुरुष चयन समिति के लिए नए आवेदकों को कम से कम पांच साल पूर्व क्रिकेट से संन्यास लेना अनिवार्य है। आवेदक के लिए कम से कम सात टेस्ट या 30 प्रथम श्रेणी मैच, या 10 वनडे और 20 प्रथम श्रेणी मैच खेलने जरूरी हैं। आवेदकों को पांच साल से किसी भी बीसीसीआई क्रिकेट समिति का हिस्सा नहीं होना चाहिए। बीसीसीआई ने महिला राष्ट्रीय चयन समिति में चार और जूनियर पुरुष चयन समिति में एक पद के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article