क्रिकेट

Pratika Rawal Rehab Update: चोटिल प्रतिका रावल ने दिया अपने रिहैब पर अपडेट दिया, शुभचिंतकों के प्रति जताया आभार

भारत को महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल ने प्रशंसकों से अपनी रिकवरी का अपडेट साझा किया है। जानिए अब कैसा है उनकी चोट का हाल?

Image

प्रतिका रावल (फोटो क्रेडिट Pratika Rawal X)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेटर प्रतिका रावल ने अपनी चोट पर अपडेट देते हुए बताया कि वह तेजी से रिकवरी कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने शुभचिंतकों से मिले संदेशों के लिए आभार जताया है। अक्टूबर में डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए महिला विश्व कप 2025 के लीग स्टेज मैच के दौरान प्रतिका रावल को दाहिने टखने और घुटने में चोट लगी थी। परिणामस्वरूप, उन्हें टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों से बाहर बैठना पड़ा था।

प्रतिका रावल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा,'मैं पिछले कुछ दिनों में मिली शुभकामनाओं के लिए सभी को धन्यवाद देना चाहती थी। मैं अच्छी तरह से ठीक हो रही हूं। मैं बेहतरीन मेडिकल सपोर्ट के लिए आभारी हूं, और जल्द ही मैदान पर वापसी का इंतजार कर रही हूं।'

24 वर्षीय प्रतिका रावल ने महिला वनडे विश्व कप 2025 में 7 मैच खेले, जिसमें 51.33 की औसत के साथ 308 रन बनाए। इस दौरान एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ियों में चौथे स्थान पर रहीं। 2 नवंबर को भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 52 रन से जीत दर्ज करते हुए विश्व कप खिताब जीता। टीम को ट्रॉफी उठाते हुए देखकर प्रतिका अपनी भावनाओं को मुश्किल से रोक पाईं।

व्हीलचेयर पर जश्न मनाते हुए उन्होंने कहा था,'मैं इस खुशी को जाहिर भी नहीं कर सकती। मेरे पास शब्द नहीं हैं। अपनी टीम के साथ यहां होना अविश्वसनीय है। चोटें खेल का हिस्सा हैं, लेकिन मैं बहुत खुश हूं कि मैं अभी भी इस टीम का हिस्सा बन सकी। मुझे यह टीम बहुत पसंद है। मैं यह नहीं बता सकती कि खिताब जीतने के बाद कैसा महसूस कर रही हूं। हम इतने लंबे समय के बाद विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय टीम हैं। पूरा भारत इस जीत का हकदार है। ईमानदारी से कहूं तो, खेलने से ज्यादा टीम को खेलते देखना मुश्किल था।"

इस बीच 'विमेन इन ब्लू' ने टी20 विश्व कप 2026 की तैयारी शुरू कर दी है, जो जून में इंग्लैंड में खेला जाएगा। टीम इंडिया रविवार से पांच टी20 मैचों के लिए श्रीलंका की मेजबानी करेगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article