नई दिल्ली: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हालिया श्रीलंका दौरे के दौरान साल 1996 में वनडे विश्व कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ियों के साथ मुलाकात की। अपनी इस मुलाकात का वीडियो पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर साझा किया है। पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान श्रीलंका की 1996 विश्व कप विजेता टीम में सनथ जयसूर्या, चामिंडा वास, अरविंदा डिसिल्वा, मार्वन अटापट्टू, रविंद्र पुष्पकुमारा, उपुल चंदना, कुमार धर्मसेना और रोमेश कालूवितरणा जैसे खिलाड़ी शामिल थे।
श्रीलंकाई खिलाड़ियों की पीएम मोदी ने की सराहना
पीएम मोदी ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान उनके खेल की सराहना करते हुए कहा, देश की आक्रामक और अभिनव शैली ने टी20 क्रिकेट के आगमन का पूर्वाभास करा दिया था। भारत की 1983 विश्व कप जीत और श्रीलंका की 1996 की जीत ने वैश्विक क्रिकेट परिदृश्य में परिवर्तनकारी भूमिका निभाई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने माना कि 1996 के विश्व कप में श्रीलंकाई क्रिकेट की आक्रामक और अभिनव शैली ने एक तरह से टी20 क्रिकेट को जन्म दिया।'
2019 में भारतीय टीम ने किया था आतंकी हमले के बाद श्रीलंका का दौरा
अपनी श्रीलंका यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने 1996 में बम विस्फोट के बावजूद भारत की श्रीलंका यात्रा को याद किया तथा इसे खेल भावना और स्थायी मित्रता का एक मजबूत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने 2019 के आतंकी हमलों के तुरंत बाद श्रीलंका का दौरा किया था।
जाफना में स्टेडियम बनाने का किया मोदी से अनुरोध
मुलाकात के दौरान श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री मोदी से श्रीलंका के उत्तरी हिस्से खासकर जाफना में एक उच्च स्तरीय क्रिकेट स्टेडियम के विकास में सहयोग करने का अनुरोध किया। क्रिकेटरों ने श्रीलंका के आर्थिक संकट के दौरान भारत की उदार सहायता के लिए भी मोदी को धन्यवाद दिया।
(भाषा इनपुट के साथ)
