क्रिकेट

Asia Cup 2025 Final: खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर... भारत की जीत, पीएम नरेंद्र मोदी ने अनोखे अंदाज में टीम इंडिया को दी बधाई

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 फाइनल में जीत की अनोखे अंदाज में बधाई दी है। भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट के अंतर से मात देकर नौवीं बार खिताब पर कब्जा किया।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम

Photo : AP

दुबई: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को एशिया कप 2025 के खिताबी मुकाबले में 5 विकेट के अंतर से मात देकर नौवीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। खिताबी मुकाबले में पाकिस्तानी टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 146 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके बाद टीम इंडिया ने जीत के लिए मिले 147 रन के विजयी लक्ष्य को दो गेंद शेष रहते तिलक वर्मा की 53 गेंद में 69 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी और रिंकू सिंह के विजयी चौके की मदद से हासिल कर लिया। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अजेय रही और 7 में से 7 मैच में जीत दर्ज करके खिताब अपने नाम किया। इस दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच तीन बार भिड़ंत हुई और तीनों बार बाजी टीम इंडिया के हाथ लगी।

खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर, नतीजा वही भारत की जीत

एशिया कप 2025 में खिताबी जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया को धमाकेदार अंदाज में जीत की बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा, खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदर, नतीजा वही भारत की जीत! हमारे क्रिकेट खिलाड़ियों को बधाई।

भारत ने तीन बार दी पाकिस्तान को पटखनी

22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आंतकी हमले में 26 भारतीय पर्यटकों की जान गई थी। इसके बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तानी आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। ऐसे में दोनों देशों की सेनाएं आमने सामने आ गईं थी। भारतीय सेना के पराक्रम के आगे पाकिस्तानी सेना ने घुटने टेके और युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था। दोनों देशों के बीच तनाव के बीच भारतीय टीम के एशिया कप में भाग लेने और पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरने के फैसले पर सवाल उठे थे। लेकिन भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को टूर्नामेंट में तीन बार पटखनी दी और क्रिकेट के मैदान भी पर घुटनों पर ला दिया। जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर की संज्ञा दी है।

भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने नहीं मिलाया हाथ

टूर्नामेंट में ग्रुप दौर के मुकाबले से लेकर फाइनल तक भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम ने पहलगाम आतंकी हमले की पीड़ितों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों से टॉस से पहले और मैच के बाद मैदान पर हाथ मिलाने से भी इनकार कर दिया था। टूर्नामेंट की शुरुआत से अंत तक ये विवाद बना रहा। भारतीय टीम अपने रुख पर कायम रही और किसी दबाव के आगे नहीं झुकी।

भारतीय टीम ने ट्रॉफी लेने से किया इनकार

भारतीय टीम ने खिताबी जीत के बाद एसीसी चीफ और पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। प्रेजेंटशन में केवल पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अवार्ड दिए गए। भारतीय खिलाड़ियो में से तिलक वर्मा, कुलदीप यादव और अभिषेक शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट का अवार्ड लेने आए। कप्तान सूर्या भी प्रेजेंटेशन में शामिल नहीं हुए। भारतीय टीम ने मैच के बाद बगैर ट्रॉफी के खिताबी जीत का जश्न मैदान पर मनाया और खूब मस्ती की।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article