क्रिकेट

PAK vs NZ: गिरते ही खून से लथपथ हुआ न्यूजीलैंड का खिलाड़ी, पाकिस्तान के मैदानों पर उठे कड़े सवाल

PCB Poor Stadium Floodlights: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा बनवाए गए स्टेडियम एक बार फिर से चर्चा का विषय बन गए हैं। दरअसल न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच में रचिन रवींद्र बुरी तरह से घायल हो गए जिसके बाद आलोचना शुरी हो गई।

Image

रचिन रवींद्र की चोट (फोटो- AP)

PCB Poor Stadium Floodlights: लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ ट्राई-सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रचिन रविंद्र (Rachin Ravindra) को एक अजीबोगरीब चोट लगी। यह घटना 38वें ओवर में हुई जब खुशदिल शाह (Khushdil Shah) ने गेंद को डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग की ओर मारा। गेंद तेजी से रविंद्र की ओर बढ़ी, लेकिन वह लाइट्स में गेंद को देखने में नाकाम रहे और गेंद सीधे उनके चेहरे पर जा लगी। इसके बाद रविंद्र तुरंत गिर गए और उनके चेहरे से खून बहने लगा।

इस घटना के बाद, प्रशंसकों ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर खराब लाइट्स की वजह से खिलाड़ी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। कई फैंस ने लाइट्स को और तेज करने और खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए और इंतजाम करने की मांग की। बता दें कि इसी मैदान पर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के भी मैच खेले जाने वाले हैं।

न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 78 रनों से हराया

इस मैच में न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को 78 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 330 रन बनाए, जिसमें डैरिल मिचेल (Daryl Mitchell) ने 81 और ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने 106 रनों की नाबाद पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से फखर जमान (Fakhar Zaman) ने 84 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज विफल रहे और टीम सिर्फ 252 रन पर ऑल आउट हो गई।

पाकिस्तान कप्तान रिजवान ने बल्लेबाजी पर जताई नाराजगी

मैच के बाद पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) ने बल्लेबाजी इकाई की कमजोर प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, "जब हम हारते हैं, तो सब कुछ मुश्किल लगता है। ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी की। हमें अपनी फील्डिंग पर काम करने की जरूरत है। अगर हम ऑल-राउंडर खेलते हैं, तो उससे 10 ओवर गेंदबाजी की उम्मीद नहीं कर सकते। हमें साझेदारी बनाने और स्थिति के अनुसार बल्लेबाजी करने की जरूरत है।"

रिजवान ने यह भी पुष्टि की कि हaris रउफ (Haris Rauf) की चोट गंभीर नहीं है। रउफ ने सिर्फ 6.2 ओवर गेंदबाजी की और मैदान छोड़ दिया। वह बल्लेबाजी के लिए भी नहीं उतरे, जिससे उनकी चोट को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article