क्रिकेट

IND vs PAK: कम नहीं हो रहा विवाद, अब पीसीबी ने आईसीसी के सामने रख दी नई मांग

IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मैच के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब पीसीबी ने आईसीसी के सामने नई मांग रख दी। पीसीबी की यह मांग मैच रेफरी के खिलाफ है। मैच के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था।

Image

एंडी पायक्रॉफ्ट (साभार-ICC)

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को मैच रैफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर भारत के खिलाफ एशिया कप मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उन्हें टूर्नामेंट से तुरंत हटाने की मांग की। पायक्रॉफ्ट भारत और पाकिस्तान के बीच मैच में मैच रैफरी थे जिसमें मैच खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने विरोधी टीम से हाथ नहीं मिलाया। पीसीबी ने आईसीसी के समक्ष पायक्रॉफ्ट के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है।

पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी ने एक्स पर लिखा ,‘‘ पीसीबी ने क्रिकेट की भावना से जुड़े एमसीसी के नियम और आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर मैच रैफरी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है । पीसीबी ने मैच रैफरी को एशिया कप से तुरंत हटाने की मांग की है ।’’ पाकिस्तान ने पहले एशियाई क्रिकेट परिषद के समक्ष मसला उठाकर भारतीय खिलाड़ियों के बर्ताव को खेलभावना के विपरीत बताया था।

पीसीबी ने इससे पहले बयान में कहा ,‘‘ टीम मैनेजर नवीद चीमा ने मैच के बाद हाथ नहीं मिलाने वाले भारतीय खिलाड़ियों के बर्ताव का कड़ा विरोध किया है । यह खेल भावना और खेल के विपरीत आचरण है । विरोध के तौर पर हमने अपने कप्तान को मैच के बाद समारोह में नहीं भेजा।’’ कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल में आतंकवादी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या और पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सेना के ‘आपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच यह पहला क्रिकेट मैच था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article