क्रिकेट

IND vs PAK: पाकिस्तान की हार पर भड़के PCB चीफ, टीम में बड़े बदलाव का किया ऐलान

Mohsin Naqvi angry on Pakistan defeat: टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत के खिलाफ मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी काफी नाराज दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने टीम में बड़े बदलाव की ओर इशारा कर दिया है।

Image

मोहसिन नकवी (फोटो- PCB/AP)

Mohsin Naqvi angry on Pakistan defeat: वर्ल्ड कप 2024 के 19वें मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को एक लो स्कोरिंग मैच में केवल 6 रनों से मात दे दी। ये भारतीय क्रिकेट टीम की पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में सातवीं जीत थी। इस जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम की सुपर 8 में पहुंचने की राह आसान हो गई है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनका सुपर-8 में भी पहुंचना मुश्किल है।

इस हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप में हार के बाद कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बाबर आजम की अगुवाई वाली टीम में बड़े बदलाव करने की जरूरत है।भारत के खिलाफ न्यूयॉर्क में खेले गए मैच में पाकिस्तान के सामने 120 रन का लक्ष्य था लेकिन उसकी टीम सात विकेट पर 113 रन ही बना पाई।

हमें टीम में बड़े बदलाव की जरूरत- मोहसिन नकवी

पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार नकवी ने न्यूयॉर्क में कहा - 'मुझे लगता था कि मैच जीतने के लिए टीम में कुछ बदलाव करने की जरूरत है लेकिन अब लगता है कि टीम में आमूलचूल बदलाव करने होंगे।नकवी ने इसके साथ कहा कि अब उन खिलाड़ियों पर भी ध्यान देने की जरूरत है जो पिछले कुछ समय से टीम से बाहर हैं। उन्होंने आगे कहा कि ‘हमने जिस तरह से अमेरिका और अब भारत के खिलाफ मैच गंवाए, वह बेहद निराशाजनक है। हमें अब उन खिलाड़ियों पर गौर करना होगा जो इस समय टीम में नहीं हैं।हर कोई पूछ रहा है कि टीम अच्छा प्रदर्शन क्यों नहीं कर रही है। अभी विश्व कप चल रहा है लेकिन निश्चित तौर पर हमें हर चीज पर गौर करने की जरूरत है।’

पाकिस्तान के लिए सुपर 8 की राह मुश्किल

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2024 में लगातार दूसरी हार मिल गई है। टीम को पहले यूएसए ने सुपर ओेवर में हराया था वहीं बाद में उसे भारत से भी हार का सामना करना पड़ गया है। ऐसे में उसके लिए राह अब मुश्किल होती जा रही है। टीम को अपने बचे हुए दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे और ये भी उम्मीद करनी होगी कि यूएसए कम से कम एक मैच हार जाए।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article