दो साल की कड़ी मेहनत के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में जब इंडिया को डिलीवर करना था तो बल्लेबाजों ने निराश किया। दोनों ही पारियों में टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर ने निराश किया और लगातार दूसरी बार टीम इंडिया को WTC Final में हार का सामना करना पड़ा। पहले न्यूजीलैंड ने हराया था और अब पैट कमिंस की टीम ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन से पटखनी दी। भारत की तरफ से इस मैच में केवल अजिंक्य रहाणे ने बल्ले से संघर्ष किया। उन्होंने पहली पारी में 89 और दूसरी पारी में 46 रन की पारी खेली। रहाणे को छोड़कर कोई भी भारतीय बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाया।
WTC Final पर रोहित शर्मा ने उठाया सवाल
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने इसके फॉर्मेट पर सवाल उठाया था और कहा था कि इस वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फैसला एक नहीं बल्कि कम से कम 3 मैच खेल कर किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा था कि अच्छा होगा कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अगले सायकल में इसे लागू किया जाए।
पैट कमिंस ने दिया करारा जवाब
जब यह सवाल ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस से पूछा गया तो उन्होंने इसका जवाब बड़े मजेदार अंदाज में दिया। कमिंस ने कहा 'हम वर्ल्ट टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जीत चुके हैं। अब यह 1 मैच का हो या 16 मैच का मुझे इससे फर्क नहीं पड़ता। इसके अलावा उन्होंने कहा कि ओलंपिक में भी खिलाड़ियों को एक ही मौका मिलता है।' अब यह आईसीसी के ऊपर है कि वह अगले सायकल में क्या करती है और क्या सच में इसके फॉर्मेट में बदलाव आता है या नहीं, लेकिन सच्चाई यही है कि लगातार दो बार फाइनल में पहुंचकर भी टीम इंडिया चूक गई है।
