क्रिकेट

Pakistan Qualification Scenario: कनाडा के खिलाफ जीत के बाद सुपर-8 राउंड में कैसे पहुंचेगा पाकिस्तान? ऐसे हैं समीकरण

पाकिस्तान ने कनाडा को न्ययॉर्क में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में जीत दर्ज करके अपनी सुपर-8 राउंड में पहुंचने की संभावनाओं को जीवित रखा है। जानिए सुपर-8 में अबकैसे पहुंचेगा पाकिस्तान?

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तान ने दर्ज की टी20 वर्ल्ड कप में पहली जीत
  • सुपर-8 के लिए भारत और आयरलैंड पर निर्भर हुआ पाकिस्तान
  • पाकिस्तान को अब करनी होगी भारत की जीत की दुआ

बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम मंगलवार को आखिरकार अपना जीत का खाता खोलने में कामयाब हो गई। ग्रुप-ए के न्यूयॉर्क में पाकिस्तान और कनाडा के बीच भिड़ंत हुई जिसमें पाकिस्तानी टीम 8 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल हुई। पाकिस्तान के कप्तान ने टॉस जीतकर कनाडा की टीम को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया और उसे 7 विकेट पर केवल 106 रन का स्कोर खड़ा करने दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 107 रन के लक्ष्य को कड़ी मशक्कत करते हुए 17.3 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

अंक तालिका का ऐसा है हाल

पाकिस्तान की टीम तीन मैच में अपनी पहली जीत के बाद अंत तालिका में भारत और अमेरिका के बाद तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। भारत और अमेरिका दोनों के खाते में 2 मैच में 2 जीत के साथ चार-चार अंक हैं। भारतीय टीम का नेट रन रेट(+1.455) अमेरिका के नेट रन रेट(0.626) से बेहतर है। पाकिस्तान और कनाडा के खाते में 3-3 मैच में एक जीत और दो हार दर्ज हैं। पाकिस्तान(0.191) कनाडा(-0.493) से बेहतर नेट रन रेट की वजह से तीसरे पायदान पर है।

पाकिस्तान का आयरलैंड से है आखिरी मुकाबला

पाकिस्तान का अब आखिरी लीग मैच 16 जून को आयरलैंड के साथ फ्लोरिडा में होना है। पाकिस्तान को सुपर-8 राउंड में पहुंचने के लिए इस मैच में बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगा। हालांकि फ्लोरिडा में 16 जून को मौसम के खराब रहने की आशंका जताई गई है। ऐसे में अगर मैच रद्द होता है तो पाकिस्तान का सुपर-8 में पहुंचने का सपना टूट जाएगा।

पाकिस्तान को करनी होगी टीम इंडिया की जीत की दुआ

पाकिस्तान को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए भारतीय टीम की अमेरिका और आयरलैंड के खिलाफ बड़े अंतर से जीत की दुआ करनी होगी। टीम इंडिया अगर बड़े अंतर से ये मैच जीतती है तो अमेरिका के नेट रन रेट में भी गिरावट आएगी। भारतीय टीम ग्रुप-ए में पहले पायदान पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंचेगी। वहीं दूसरे स्थान के लिए अमेरिका और पाकिस्तान के बीच सीधी भिड़ंत होगी।

आयरलैंड-अमेरिका मैच पर सब निर्भर

पाकिस्तानी टीम की नजर सबसे ज्यादा अमेरिका और आयरलैंड के बीच खेले जाने वाले मुकाबले पर होगी। इस मैच में अमेरिका की हार से ही पाकिस्तान के लिए सुपर-8 के दरवाजे खुल सकेंगे। अगर आयरलैंड के खिलाफ अमेरिकी टीम जीत दर्ज करती है तो वो चार मैच में तीन जीत के साथ सुपर-8 में पहुंच जाएगी।

ऐसे हैं पाकिस्तान के लिए प्लेऑफ के समीकरण

  • 12 जून, 2024: भारत बनाम अमेरिका — भारत की जीत बढ़ाएगी अमेरिका की संभावना
  • 14 जून, 2024: अमेरिका बनाम आयरलैंड-पाकिस्तान के लिए आयरलैंड की जीत जरूरी
  • 15 जून, 2024: भारत बनाम कनाडा-भारत की जीत की पाकिस्तान करेगा दुआ
  • 16 जून, 2024: आयरलैंड बनाम पाकिस्तान-पाकिस्तान को बड़े अंतर से दर्ज करनी होगी जीत
(पाकिस्तान लीग दौर का आखिरी मुकाबला खेलेगा ऐसे में उसके सामने सारे समीकरण पूरी तरह स्पष्ट होंगे।) अगर उसके फेवर में परिस्थितियां बनती हैं तो सबकुछ अंत में नेट रन रेट पर निर्भर करेगा।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article