क्रिकेट

PAK vs CAN Highlights: कनाडा को पटखनी देकर पाकिस्तान ने सुपर-8 में जाने की उम्मीदों को रखा जिंदा

PAK vs CAN Highlights: पाकिस्तान ने नासाउ के मैदान पर खेले गए मुकाबले में कनाडा को हरा दिया। इस जीत के हीरो रहे मोहम्मद रिजवान। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने सुपर-8 में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।

Image

पाकिस्तान बनाम यूएसए (साभार-AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तान ने कनाडा को हराया
  • मोहम्मद रिजवान ने खेली अर्धशतकीय पारी
  • सुपर-8 की उम्मीदों को रखा जिंदा।

PAK vs CAN Highlights: पाकिस्तान ने मोहम्मद रिजवान की शानदार बल्लेबाजी के दम पर अपने सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। मंगलवार को नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उसने कनाडा को 7 विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 107 रन का लक्ष्य था जिसे उसने 3 विकेट खोकर 15 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। पाकास्तान की ओर से जीत के हीरो रहे विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान जिन्होंने 53 गेंद पर नाबाद 53 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 1 छक्का लगाया। रिजवान के अलावा कप्तान बाबर आजम ने 33 गेंद में 33 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए शानदार 63 रन की साझेदारी की।

इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनके गेंदबाजों ने उनके इस फैसले को सही साबित करते हुए कनाडा को पावरप्ले में दो झटके दिए। पावरप्ले के बाद भी कनाडा के विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। लेकिन दूसरे छोर पर सलामी बल्लेबाज एरॉन जॉनसन चट्टान की तरह डंटे रहे।

उन्होंने 44 गेंद में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से शानदार 52 रन की पारी खेली। उनकी पारी का ही नतीजा था कि कनाडा की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 106 रन का टोटल खड़ा कर पाई। पाकिस्तान के लिए मोहम्मद आमिर और हारिस रउफ ने दो-दो विकेट झटके जबकि शाहीन शाह अफरीदी और नसीम शाह को एक एक विकेट मिला। कनाडा के लिए जॉनसन के अलावा कलीन सना ने नाबाद 13 और कप्तान साद बिन जफर ने 10 रन की छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी खेली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article