स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान चैंपियंस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स (WCL) के तीसरे सीजन से अपना नाम वापस ले लिया है। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम के खिलाड़ियों को NOC न देने के अपने फैसले को बरकरार रखा। इस फैसले के साथ ही टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर हफ्तों से चली आ रही अनिश्चितता खत्म हो गई।
पिछले साल, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था। पहले तो ग्रुप-स्टेज का मैच रद्द कर दिया गया। बाद में भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में भी पाकिस्तान के साथ खेलने से मना कर दिया, जिसके चलते पाकिस्तान को वॉकओवर के आधार पर फाइनल में जगह मिल गई थी। इस सीजन पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर पहले से सवाल उठ रहे थे।
PCB चाहता था माफी मांगे भारत
PCB कुछ शर्तों के साथ WCL के लिए पाकिस्तान चैंपियंस टीम को NOC देने पर सहमत हो गया था, लेकिन चाहता था कि पिछले साल हुए ड्रामे के लिए भारत माफी मांगे। हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, PCB चाहता था कि भारतीय टीम पिछले साल हुए ड्रामे के लिए माफी मांगे, लेकिन WCL ऑर्गनाइजिंग कमिटी ने इन मांगों को मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया।
पिछले साल भारत ने किया था बॉयकॉट
रिपोर्ट के अनुसार, PCB चाहता था कि भारतीय खिलाड़ी पिछले साल मैदान पर न उतरने के लिए लिखित माफी मांगें और साथ ही बोर्ड यह भी चाहता था कि इस बार भारतीय टीम हाथ मिलाने के लिए तैयार रहे। लेकिन, WCL ने सिर्फ कमर्शियल टीमों को मंजूरी दी और माफी मांगने और हाथ मिलाने वाली बात को ठुकरा दिया।
नहीं होगा भारत-पाकिस्तान मैच
WCL सीजन 3 के लिए ऑर्गनाइजर्स ने टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी किया था, जिसमें 10 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होना था। हालांकि, अब यह मैच नहीं होगा। क्योंकि पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है।
