क्रिकेट

IND vs PAK: हम कुछ नहीं कर सकते... भारत से मैच ना खेलने के फैसले पर अब आया पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा का बयान

Salman Agha On IND vs PAK Match Boycott Controversy: पाकिस्तान की सरकार द्वारा आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मैच में अपनी टीम ना उतारने का फैसला सुनाने के बाद क्रिकेट जगत में नया विवाद और हंगामा खड़ा हो चुका है। पाकिस्तान सरकार के इस फैसले को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान ने क्या बयान दिया है, यहां जानिए।

Pakistan cricket team catpain Salman Agha On IND vs PAK Match Boycott

सलमान आगा का भारत-पाकिस्तान मैच विवाद पर बयान (X)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-पाकिस्तान टी20 विश्व कप मैच विवाद
  • पाकिस्तान सरकार ने भारत से विश्व कप मैच ना खेलने का फैसला लिया
  • पाक सरकार के फैसले पर पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा का बयान आया

Pakistan Captain Salman Agha On IND vs PAK Match Controversy: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पाकिस्तान सरकार द्वारा अचानक लिए गए विवादित फैसले ने पूरे क्रिकेट जगत में नए विवाद को खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान सरकार ने फैसला लिया है कि वो कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच का बहिष्कार करेंगे और पाकिस्तान क्रिकेट टीम को इस मैच में नहीं उतारेंगे। इसको लेकर दुनिया भर से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने इस विवाद पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है।

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से पाकिस्तान सरकार के इस फैसले के आने के बाद उनकी राय पूछी गई, तो इस पर आगा से जवाब दिया कि खिलाड़ियों ने यह फैसला नहीं लिया। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें जो भी करने के लिए कहेगी, वे उसका पालन करेंगे।

सलमान आगा ने पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया तीसरे टी20 मैच के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा, "हम विश्व कप में जा रहे हैं। हमारा फैसला नहीं है, हम कुछ नहीं कर सकते। भारत के खिलाफ नहीं खेलने का फैसला हमारा नहीं है, इसलिए हम इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते। हमारी सरकार, पीसीबी प्रमुख हमें जो भी करने के लिए कहेंगे, हम वही करेंगे।"

इससे पहले, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने इस विवाद के जन्म लेने के संकेत दे दिए थे। पीसीबी अध्यक्ष होने के साथ-साथ पाकिस्तान आंतरिक मंत्री के पद पर काबिज नकवी ने कहा था कि विश्व कप में भाग लेने पर अंतिम फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी तक लिया जाएगा।

मोहसिन नकवी ने रविवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की। रात में पाकिस्तान सरकार का ये आधिकारिक फैसला आया, जिससे क्रिकेट की दुनिया में अचानक खलबली मच गई। इस फैसले के आने के बाद, पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी आधिकारिक जर्सी भी जारी की।

ICC ने अपना सख्त रुख, विवाद पर दी अपनी प्रतिक्रिया

अधर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने एक बयान जारी कर कहा कि टूर्नामेंट ईमानदारी, प्रतिस्पर्धा, निरंतरता और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं। इसमें सशर्त भागीदारी प्रतियोगिता की मूलभावना और पवित्रता को कमजोर करती है। हालांकि, आईसीसी राष्ट्रीय नीति के मामलों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करता है, लेकिन यह फैसला वैश्विक खेल या दुनिया भर के फैंस जिसमें पाकिस्तान के लाखों प्रशंसक भी शामिल हैं, उनके हित में नहीं है।

अब आईसीसी को उम्मीद है कि पीसीबी अपने देश में क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण और दूरगामी प्रभावों पर विचार करेगा, क्योंकि इससे वैश्विक क्रिकेट के इकोसिस्टम पर असर पड़ने की संभावना है, जिसका वह खुद एक सदस्य और लाभार्थी है। आईसीसी की प्राथमिकता आईसीस मेन्स टी20 वर्ल्ड कप का सफल आयोजन करना है, जो पीसीबी सहित इसके सभी सदस्यों की भी ज़िम्मेदारी होनी चाहिए। उसे उम्मीद है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड एक ऐसा समाधान तलाशेगा जो सभी हितधारकों के हितों की रक्षा करे।

भारत और पाकिस्तान दोनों को अपना पहला मैच एक ही दिन खेलना है

भारतीय क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप में अपना पहला मैच अमेरिका के खिलाफ 7 फरवरी को खेलनी वाली है, इसी दिन पाकिस्तान को भी अपना पहला मैयच नीदरलैंड के खिलाफ कोलंबो में खेलना है। पिछले टी20 विश्व कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ग्रुप चरण में भारत और यूएसए से हारने के बाद सेमीफाइनल में भी जगह बनाने में असफल रही थी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थी author

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और... और देखें

End of Article