क्रिकेट

ICC Awards: पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने रचा इतिहास, जीते दो सबसे बड़े अवॉर्ड्स

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Jan 26, 2023, 04:04 PM IST

ICC Cricketer of the year, ICC ODI Cricketer of the year award, Babar Azam: पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान व धुरंधर बल्लेबाज बाबर आजम ने इतिहास रचते हुए आईसीसी अवॉर्ड्स 2022 के दो बड़े पुरस्कार अपने नाम कर लिए हैं। बाबर आजम को वनडे क्रिकेटर ऑफ द इयर और क्रिकेटर ऑफ द इयर चुना गया है।

Image

बाबर आजम (AP)

ICC Awards 2022, Babar Azam: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान व दिग्गज बल्लेबाज बाबर आजम ने इतिहास रचते हुए आईसीसी के दो प्रतिष्ठित अवॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। बाबर आजम ने 2022 के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर ऑफ द इयर का पुरस्कार अपने नाम करने के साथ-साथ लगातार दूसरी बार आईसीसी वनडे क्रिकेटर ऑफ द इयर का अवॉर्ड भी जीत लिया है।

पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम को आईसीसी द्वारा क्रिकेटर ऑफ द इयर के लिए सर गार्फील्ड सोबर्स ट्रॉफी का विजेता घोषित किया गया है। उन्होंने 2022 में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सभी प्रारूपों में 54.12 की औसत से सर्वाधिक 2598 रन बनाए। इसमें 8 अंतरराष्ट्रीय शतक और 17 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक शामिल रहे।

वहीं बाबर आजम ने 2022 का सर्वश्रेष्ठ वनडे क्रिकेटर ऑफ द इयर पुरस्कार भी जीता है। उन्होंने इस पुरस्कार को लगातार दूसरी बार अपने नाम करने का इतिहास रचा। बाबर आजम ने 84.87 की औसत से 2022 में 9 वनडे मैच खेलते हुए 697 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 3 शानदार शतक आए।

वहीं, इंग्लैंड के कप्तान व दिग्गज ऑलराउंंडर बेन स्टोक्स को आईसीसी टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द इयर 2022 चुना गया है। जबकि महिला क्रिकेट में इंग्लैंड की नेट स्किवर को महिला वनडे क्रिकेटर ऑफ द इयर चुना गया है।

आईसीसी अवॉर्ड्स 2022 में भारत के सूर्यकुमार यादव को आईसीसी टी20 क्रिकेटर ऑफ द इयर चुना गया है। वहीं भारत की रेणुका सिंह ठाकुर को आईसीसी इमर्जिंग महिला क्रिकेटर ऑफ द इयर चुना गया।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थी author

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और... और देखें

End of Article