Pakistan vs Netherlands (PAK vs NED) Match Report: रविवार को आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में नीदरलैंड्स और पाकिस्तान के बीच ग्रुप-2 का मुकाबला खेला गया। अब तक टूर्नामेंट में जीत का खाता ना खोल सकी पाकिस्तानी टीम ने आखिरकार नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत दर्ज करके अपनी जीत का खाता खोल लिया। पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 6 विकेट से मात दी। शादाब खान मैच के हीरो रहे।
पर्थ में खेले गए इस मैच में नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन ये फैसला उनके पक्ष में जाता नहीं दिखा। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए नीदरलैंड्स को 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 91 रन ही बनाने दिए। इस दौरान उनके 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। सिर्फ कॉलिन एकरमैन ने 27 और कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने 15 रनों की पारी खेलकर कुछ देर तक संघर्ष किया।
इस दौरान पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजों में मोहम्मद नवाज को छोड़कर सभी गेंदबाजों ने कुछ ना कुछ योगदान दिया। सबसे सफल गेंदबाज रहे स्पिनर शादाब खान जिन्होंने 4 ओवर में 22 रन देते हुए 3 विकेट झटके। जबकि मोहम्मद वसीम ने 2 विकेट लिए। वहीं, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रउफ ने 1-1 विकेट झटका।
जवाब में उतरी पाकिस्तानी टीम के कप्तान बाबर आजम (4) एक बार फिर सस्ते में आउट हो गए। वो रन आउट हुए। ओपनर मोहम्मद रिजवान का बल्ला आखिरकार बोला और उन्होंने 49 रनों की पारी खेली और अपने पचासे से एक रन से चूक गए। फखर जमान ने 20 रन, शान मसूद ने 12 रन की पारी खेली। नतीजतन पाकिस्तान ने 13.5 ओवर में 4 विकेट गंवाते हुए 92 रनों का लक्ष्य हासिल किया।
