क्रिकेट

BAN vs PAK 3rd T20 Highlights: पाकिस्तान ने बांग्लादेश को तीसरे टी20 में रौंदा, मेजबान ने 2-1 से जीती सीरीज

पाकिस्तान क्रिकेट टीम बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के गुरुवार को खेले गए तीसरे और आखिरी मुकाबले में बड़े अंतर से जीत दर्ज करके अपनी साख बचाने में सफल रही। बांग्लादेश की टीम सीरीज 2-1 से अपने नाम करने में सफल रही। ऐसा रहा तीसरे मुकाबले का हाल।

Image

साहिबजादा फरहान (फोटो क्रेडिट @RealSahibzada X)

ढाका: सलमान आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में जीत दर्ज करके अपनी साख बचाने में सफल रही। सीरीज के शुरुआती दो मैच में जीत दर्ज करके सीरीज अपने नाम कर चुकी बांग्लादेश के कप्तान लिट्टन दास ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। ऐसे में पाकिस्तान ने सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान की 41 गेंद में 63 रन की आतिशी अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम को 16.4 ओवर में 104 रन पर समेट दिया और 74 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज करने में सफल रही। साहिबजादा फरहान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

साहिबजादा फरहान और सैम अयूब ने दी पाकिस्तान को तेज शुरुआत

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम को साहिबजादा फरहान और सैम अयूब की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए तेजी से 82 रन जोड़े। ये साझेदारी आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर टूटी। सैम अयूब 15 गेंद में 21 रन बनाकर नसुम अहमद की गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद 29 गेंद में चार चौके और पांच छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा करने वाले फरहान को भी नसुम अहमद ने मेहदी हसन के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 63(41) रन की पारी खेली।

12.3 ओवर में पाकिस्तान पहुंचा 100 रन के पार

पाकिस्तान ने 11.1 ओवर में 93 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मोहम्मद हारिस और हसन नवाज ने पारी को आगे बढ़ाया। पाकिस्तान ने 12.3 ओवर में 100 रन के आंकड़े को पार कर लिया। इसके बाद हारिस शरीफुल इस्लाम की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 33(17) रन बनाए। इसके बाद कप्तान सलमान आगा और हसन नवाज ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम को 131 रन तक ले गए। 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर हसन 33 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद हुसैन तलत भी 1 रन बनाकर मोहम्मद सैफुद्दीन की गेंद पर लपके गए।

पाकिस्तान ने बनाए 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन

132 रन के स्कोर पर पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में एक छोर कप्तान सलमान आगा ने संभाला और दूसरे छोर पर बल्लेबाज के लिए मोहम्मद नवाज के साथ मिलकर आगे बढ़ाया। दोनों टीम को 173 रन तक ले गए। नवाज 20वें ओवर की पहली गेंद पर तस्कीन अहमद की गेंद पर लपके गए। उन्होंने 16 गेंद पर 27 रन बनाए। इसी ओवर की तीसरी गेंद पर फहीम अशरफ 4(2) रन बनाकर कैच दे बैठे। अंत में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन बना सकी। बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट तस्कीन अहमद ने लिए। 2 विकेट नसुम अहमद के खाते में गए। एक-एक सफलता शरीफुल इस्लाम और मोहम्मद सैफुद्दीन को मिली।

पाकिस्तानी गेंदबाजों ने ढाया कहर

जीत के लिए 179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर तंजीद हसन साकिब को सलमान मिर्जा ने चलता कर दिया। वो अपना खाता नहीं खोल पाए। इसके बाद दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान लिट्टन दास को फहीम अशरफ ने बोल्ड कर दिया। दास ने 8(8) रन बनाए। दास के आउट होने के बाद बांग्लादेश के विकेटों की झड़ी लग गई। 25 रन पर बांग्लादेश के पांच खिलाड़ी पवेलियन लौट गए। ये सिलसिला यहीं नहीं रुका 41 रन पर बांग्लादेश के सात खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे और उसकी हार तकरीबन पक्की हो गई थी। अंत में मोहम्मद सैफुद्दीन ने एक छोर संभाला लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते गए। पूरी टीम 16.4 ओवर में 104 रन पर ढेर हो गई। सैफुद्दीन 24 गेंद में 35 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए सलमान मिर्जा सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। दो-दो विकेट फहीम अशरफ और मोहम्मद नवाज ने लिए। वहीं एक-एक सफलता अहमद दानियाल, सलमान आगा और हुसैन तलत के खाते में गए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article