क्रिकेट

PAK vs NZ: पाकिस्तान ने जीती सीरीज, कप्तान बाबर आजम ने बना डाले कई नए रिकॉर्ड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 4, 2023, 02:29 PM IST

Pakistan vs New Zealand ODI Series: पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल करने में सफलता हासिल की है। इसके साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने कई नए रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।

Image

पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को तीसरे वनडे में हराया (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज 2023
  • पाकिस्तान ने वनडे सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बनाई
  • कप्तान बाबर आजम के नाम दर्ज हुए कई बड़े रिकॉर्ड

PAK vs NZ ODI Series 2023: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से न्यूजीलैंड को तीसरे वनडे मैच में 26 रन से हराकर पांच मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त बना ली है। इसके साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने कई खास रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज करने में सफलता हासिल की है। सीरीज के बाकी बचे दोनों मैच शुक्रवार और रविवार को कराची में खेले जाएंगे।

तीसरे वनडे मैच में पाकिस्तानी ओपनर इमाम उल हक ने 107 गेंदों पर 90 रन बनाए जबकि कप्तान बाबर आजम ने 54 रन की पारी खेली। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी की। इनके अलावा मोहम्मद रिजवान ने 32 और आगा सलमान ने 31 रन का योगदान दिया जिससे पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने पर छह विकेट पर 287 रन बनाए।

कोल मैककोनी (नाबाद 64) ने केवल 36 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और न्यूजीलैंड की तरफ से पदार्पण मैच में सबसे तेज अर्थशतक बनाने का रिकॉर्ड बनाया लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम 49.1 ओवर में 261 रन पर आउट हो गई। न्यूजीलैंड ने इस तरह से 2011 के बाद पाकिस्तान के खिलाफ पहली वनडे श्रृंखला गंवाई।

न्यूजीलैंड को टॉम ब्लंडेल (65) और विल यंग (33) ने पहले विकेट के लिए 83 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई थी लेकिन इसके बाद उसने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। मध्यक्रम में कप्तान टॉम लैथम (45) ही कुछ योगदान दे पाए। पाकिस्तान की तरफ से शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद वसीम और नसीम शाह ने दो-दो विकेट लिए।

बाबर आजम ने बनाए ये रिकॉर्ड

- न्यूजीलैंड को वनडे सीरीज में शिकस्त देने वाले 12 सालों में पहले पाकिस्तानी कप्तान बने।

- वनडे सीरीज में अपने घर में हर मेहमान टीम को हराने वाले पाकिस्तानी कप्तान बने बाबर आजम।

- SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में तीन देशों के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने वाले पहले पाकिस्तानी कप्तान बने बाबर आजम।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article