PAK vs AFG T20 Pitch Report In Hindi Today Match: यूएई में आज से तीन देशों पाकिस्तान, अफगानिस्तान और यूएई (United Arab Emirates) के बीच टी20 ट्राई सीरीज (T20I Tri-Series 2025) की शुरुआत होने जा रही है। इस टी20 ट्राई सीरीज का पहला मैच आज पाकिस्तान और अफगानिस्तान (Pakistan vs Afghanistan) की टीमों के बीच खेला जाएगा। सीरीज का पहला टी20 मुकाबला शारजाह (Sharjah) में होगा। गौरतलब है कि एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) का आयोजन भी यूएई में ही होना है और इस टी20 ट्राई सीरीज में हिस्सा लेने वाली तीनों टीमें एशिया कप का भी हिस्सा हैं, ऐसे में 9 सितंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए ये टी20 ट्राई सीरीज एक तैयारी के रूप में देखी जा रही है। आज के टी20 मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की अगुवाई सलमान आगा (Salman Agha) करते नजर आएंगे। जबकि अफगानिस्तान क्रिकेट टीम की कप्तानी राशिद खान (Rashid Khan) के हाथों में है। भारतीय समय के मुताबिक पाकिस्तान-अफगानिस्तान टी20 मैच आज शाम 8:30 बजे से शुरू होगा।
आज टी20 ट्राई सीरीज के पहले टी20 मैच में अफगानिस्तान और पाकिस्तान की टक्कर होने वाली है, इस मैच से पहले आइए जान लेते हैं इन दोनों टीमों का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आमने-सामने का ट्रैक रिकॉर्ड कैसा रहा है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच अब तक टी20 इतिहास में 7 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें मुकाबला कांटे का रहा है। इनमें पाकिस्तान ने 4 मैच जीते हैं, जबकि अफगानिस्तान ने भी 3 मैचों में पाकिस्तान को शिकस्त देने में सफलता हासिल की है। आज दोनों टीमों के बीच होने वाला मुकाबला यूएई यानी न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाना है। अब तक जितने टी20 मैच इन दोनों टीमों के बीच खेले गए हैं, वे सभी यूएई में ही आयोजित हुए हैं।
पाकिस्तान बनाम अफगानिस्तान टी20 मैच की पिच रिपोर्ट (PAK vs AFG T20 Pitch Report)
टी20 ट्राई सीरीज के पहले टी20 मैच में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच होने वाला मैच यूएई के शारजाह स्थित शारजाह क्रिकेट स्टेडियम (Sharjah Cricket Stadium) में होने जा रहा है। इस मैदान की पिच की बात करें तो हमेशा से यहां बल्लेबाजों का ज्यादा दबदबा रहा है। खासतौर पर इस मैदान की छोटी बाउंड्री बल्लेबाजों को लंबे शॉट्स खेलने के लिए प्रेरित करती हैं। इस ग्राउंड पर अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 41 मैच हुए हैं जिस दौरान सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड अफगानिस्तान की टीम के नाम दर्ज है जब उन्होंने 2016 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में यहां 6 विकेट पर 215 रन बनाए थे। जबकि इस मैदान का न्यूनतम टी20 स्कोर हांगकांग की टीम के नाम दर्ज है जो 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 38 रन पर सिमट गई थी। लक्ष्य का पीछा करते हुए यहां सबसे बड़ी जीत मेजबान यूएई की टीम ने दर्ज की है, जब 2025 में उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट टीम को चौंकाते हुए 206 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया था। यहां गेंदबाजों में तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलती देखी गई है, हालांकि स्पिनर्स भी बीच के ओवरों में अहम भूमिका निभाते नजर आए हैं। शारजाह में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत टी20 स्कोर 154 रन है। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 24 मैचों में जीत मिली है जबकि बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 17 मैच जीते हैं।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच शारजाह में हुए टी20 मैचों के नतीजे (AFG vs PAK T20I Matches Record At Sharjah)
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में अब तक पाकिस्तान और अफगानिस्तान का कई बार आमना-सामना हो चुका है। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इन दोनों टीमों के बीच शारजाह में अब तक 5 मैच हुए हैं जिनमें तीन मैच पाकिस्तान ने जीते हैं, जबकि दो मुकाबलों में अफगानिस्तान टीम को जीत मिली थी। आखिरी बार शारजाह में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच टी20 मैच मार्च 2023 में खेला गया था और उस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 187 रन बनाए थे। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 18.4 ओवर में 116 रनों पर सिमट गई थी। पाकिस्तान के लिए उस मैच में सईम अयूब (Saim Ayub) ने सर्वाधिक 49 रनों की पारी खेली थी। आज होने वाले मैच में भी ओपनर सईम अयूब अहम कड़ी होंगे और अफगानिस्तान के लिए कड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान की टी20 टीमें (Pakistan And Afghanistan T20 Squads)
पाकिस्तान की टी20 टीमः सलमान आगा (कप्तान), फखर जमान, हसन नवाज, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, फहीम अशरफ, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, हारिस रऊफ, हसन अली, मोहम्मद वसीम, सलमान मिर्जा, शाहीन शाह अफरीदी, सुफियान मुकीम, मोहम्मद नवाज और अबरार अहमद।
अफगानिस्तान की टी20 टीमः राशिद खान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नायब, शराफुद्दीन अशरफ, मोहम्मद इशाक, मुजीब उर रहमान, अल्लाह गजनफर, नूर अहमद, फरीद मलिक, अब्दुल्ला अहमदजई, फजलहक फारूकी, दरविश रसूली, सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजई और करीम जनत।
