क्रिकेट

अफगानिस्तान के 'एक्सीडेंटल कोच' जॉनथन ट्रॉट ने ली भावुक विदाई

अफगानिस्तान के कोच जॉनथन ट्रॉट का कार्यकाल टी20 विश्व कप 2026 में कनाडा के खिलाफ जीत के बाद समाप्त हो गया। ट्रॉट ने भावुक विदाई ली।

Image

जॉनथन ट्रॉट (फोटो क्रेडिट ACB)

चेन्नई: अफगानिस्तान की टीम के साथ बनाई गई यादों से संतुष्ट लेकिन भावनाओं से अभिभूत कोच जोनाथन ट्रॉट ने चार साल के कार्यकाल के बाद अपनी भूमिका को अलविदा कहा। इस पद की पेशकश पहले इंग्लैंड के उनके साथी ग्राहम थोर्प को की गई थी लेकिन उस समय वह इसे स्वीकार नहीं कर सके और सौभाग्य से 44 वर्षीय ट्रॉट इस पद पर काबिज हुए। अफगानिस्तान ने सुपर आठ चरण की दौड़ से बाहर होने के बाद अपने अंतिम ग्रुप मैच में कनाडा को 82 रन से हराकर अपना अभियान समाप्त किया।

इंग्लैंड के ट्रॉट ने अपनी भावनाओं को नियंत्रित करते हुए उस टीम के साथ अपने कार्यकाल को याद किया जो अब सफेद गेंद के प्रारूप में एक कड़ी प्रतिद्वंद्वी बन चुकी है। ट्रॉट के नेतृत्व में अफगानिस्तान की टीम 2023 वनडे विश्व कप सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने के काफी करीब पहुंची और 2024 टी20 विश्व कप के नॉकआउट चरण में जगह बनाई।

ट्रॉट ने मैच के बाद बातचीत में कहा, 'शायद समय सही है, शायद नहीं। मुझे नहीं पता, लेकिन मैं भविष्य में सभी को शुभकामनाएं देता हूं। मैं इस मौके के लिए बहुत आभारी हूं। मुझे यह मौका वास्तव में सिर्फ सौभाग्य से मिला। ग्राहम थॉर्प को कोच बनना था और दुर्भाग्य से वह यह भूमिका स्वीकार नहीं कर सके। फिर मुझे यह पद पेश किया गया और मैंने इसे पूरे जोश के साथ स्वीकार किया। तो मैं यहां वास्तव में सौभाग्य से आया। मैंने पूरी कोशिश की। मैं उम्मीद करता हूं कि खिलाड़ी देख सकें कि मुझे इस खेल से कितना प्यार है।'

दक्षिण अफ्रीका में जन्मे ट्रॉट ने कहा कि उनके लिए सबसे अच्छी चीज खिलाड़ियों के व्यक्तिगत विकास को देखना था। उन्होंने कहा,'इस कार्यकाल में मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी यही है कि मैं खिलाड़ियों के मैदान के बाहर के विकास को भी देख सका। उनके जीवन में बदलाव आता है, सिर्फ खेल में ही नहीं बल्कि खिलाड़ी अपने परिवार की किस्मत और दिशा बदल सकते हैं। तो मुझे लगता है कि इस खेल के माध्यम से हमने यह देखा और इसमें छोटा सा हिस्सा निभाना बहुत संतोषजनक है।'

यह पूछने पर कि टूर्नामेंट के दौरान टीम के प्रदर्शन पर वह भावुक हुए तो ट्रॉट ने यह बात स्वीकार की और कहा,'हम कभी-कभी दुर्भाग्यशाली रहे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हम जीत सकते थे।' उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो सुपर ओवर के बाद मिली हार का जिक्र करते हुए कहा,'अगर हम वह मैच सामान्य समय में जीत गए होते तो दक्षिण अफ्रीका अगला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ कैसा खेलती।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article