आईपीएल का दूसरा सीजन खेल रहे वैभव सूर्यवंशी ने केवल 15 मैच खेलकर ही हर किसी को अपना मुरीद बना लिया है। चाहे क्रिकेट से जुड़ाव रखने वाला हो या फिर किसी अन्य खेल का खिलाड़ी हो सब इस 15 साल के यंग सेंसेशन की तारीफ कर रहे हैं। इस लिस्ट में नया नाम दो बार के ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को जुड़ा है। मनु ने वैभव को भविष्य में भारत का स्टार बताया है। मनु से जब वैभव की उम्र और उनके प्रदर्शन पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बिना हिचके कहा 'उम्र सिर्फ एक संख्या है" सही मार्गदर्शन और आसपास के लोगों का साथ रहा तो यह स्टार बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करेगा।
सूर्यवंशी क्रिकेट जगत में लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ उन्होंने 1,000 टी20 रन भी पूरे किए थे। घरेलू क्रिकेट हो, या फिर अंडर-19 क्रिकेट में वर्ल्ड कप जीतना हर मोर्चे पर वैभव ने अपने खेल का डंका बजवाया है। दिल्ली में नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) की 75वीं वर्षगांठ के समारोह के दौरान, मनु ने कहा 'मैं कहूंगी कि अगर मार्गदर्शन अच्छा हो, आसपास का माहौल अच्छा हो, तो उम्र सिर्फ एक संख्या है।"
उन्होंने आगे कहा, "प्रतिभा की कोई उम्र नहीं होती। महान कार्य 60 की उम्र में भी होते हैं, 6 साल की उम्र में भी। इसलिए, अगर उनके आसपास के लोग उन्हें अच्छी सलाह दें, उनका मार्गदर्शन करें, तो मुझे यकीन है कि वह भविष्य में सबसे बड़े स्टार होंगे।" आईपीएल में अब तक सूर्यवंशी ने आठ पारियों में 44.62 की औसत और 234 के स्ट्राइक रेट से 357 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं, और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 है।
इस साल अंडर-19 विश्व कप में सूर्यवंशी सात मैचों में 62.71 की औसत और 169.49 के स्ट्राइक रेट से 439 रन बनाकर दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने एक शतक, तीन अर्धशतक बनाए और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 175 रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में रिकॉर्ड तोड़ 30 छक्के जड़े थे। वह अंडर-19 वनडे में भारत के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम 25 पारियों में 56.48 की औसत, 165 की स्ट्राइक रेट से 1,412 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने चार शतक, सात अर्धशतक जड़े हैं।
