क्रिकेट

ODI World Cup 2027: 'उनमें अभी भी भूख बाकि...' बचपन के कोच ने की रोहित शर्मा को विश्व कप 2027 में खिलाने की मांग

ODI World Cup 2027: रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड मानते हैं कि इस सलामी बल्लेबाज को वनडे विश्व कप-2027 में खेलना चाहिए। साल 2027 में वर्ल्ड कप अक्टूबर और नवंबर 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होगा।

Image

रोहित शर्मा (फोटो- AP)

ODI World Cup 2027: भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड का मानना है कि उन्हें वनडे विश्व कप 2027 में जरूर खेलना चाहिए। यह टूर्नामेंट अक्टूबर-नवंबर 2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होगा। लाड का मानना है कि रोहित में अब भी देश के लिए योगदान देने की भूख और दृढ़ संकल्प मौजूद है।

चैंपियंस ट्रॉफी और संन्यास के बाद भी बरकरार है फिटनेस

रोहित शर्मा इस साल की शुरुआत में बतौर कप्तान भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जिता चुके हैं। इंग्लैंड दौरे से पहले उन्होंने मई में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था। 38 वर्षीय रोहित पहले ही 2024 में बारबाडोस में टी20 विश्व कप जीतने के बाद इस फॉर्मेट से भी विदा ले चुके हैं। अब उनके वनडे करियर को लेकर अटकलें लग रही हैं, जबकि अगला वनडे विश्व कप दो साल से ज्यादा दूर है और इस दौरान भारत कई वनडे मैच खेलेगा।

2011 वर्ल्ड कप से छूटने का दर्द अभी भी बाकी

दिनेश लाड ने 2011 वनडे विश्व कप की याद ताजा करते हुए कहा कि रोहित उस समय विजेता टीम का हिस्सा नहीं बन पाए थे, और तभी से उनका सपना है कि वह एक खिलाड़ी के रूप में वनडे विश्व कप जीतें। उन्होंने आईएएनएस से कहा कि "रोहित शर्मा को वनडे विश्व कप 2027 में जरूर खेलना चाहिए। ट्रॉफी जीतना हमेशा से उनका सपना रहा है। 2011 में टीम में जगह न मिलने का मलाल आज भी उनके मन में है।"लाड ने यह भी कहा कि रोहित टीम का नेतृत्व करेंगे या नहीं, यह बीसीसीआई और चयनकर्ताओं का फैसला होगा, लेकिन उनका टीम में होना बेहद जरूरी है।

करियर में दमदार आंकड़े

रोहित शर्मा ने भारत के लिए अब तक 273 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 32 शतक और 58 अर्धशतक की मदद से 11,168 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम तीन दोहरे शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड है।टेस्ट क्रिकेट में रोहित ने 67 मैचों में 40.57 की औसत से 4,301 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं। बतौर टेस्ट कप्तान, उन्होंने 24 मैचों में 12 जीत और नौ हार दर्ज की है।

टेस्ट में सलामी बल्लेबाज के रूप में शानदार प्रदर्शन

टेस्ट फॉर्मेट में बतौर सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 66 पारियों में 42.81 की औसत से रन बनाए हैं, जिसमें नौ शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारत को उपविजेता बनाने में भी अहम भूमिका निभाई।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article