टेक एंड गैजेट्स

VI ने लॉन्च किया धमाकेदार रिचार्ज प्लान, डेटा खत्म होने पर फैमिली मेंबर मिनटों में करेंगे ट्रांसफर

वीआई की इस नई सर्विस का इस्तेमाल Vi ऐप के जरिए किया जा सकेगा। खास बात यह है कि परिवार के सदस्य अलग-अलग शहरों में रहने के बावजूद डेटा शेयर कर सकते हैं। इसके अलावा, फैमिली ग्रुप में शामिल सदस्यों को Vi ऐप से रिचार्ज करने पर 10% तक की छूट भी मिलेगी।

Image

वीआई अपने यूजर्स के लिए लेकर आया धमाकेदार सस्ता प्रीपेड रिचार्ज प्लान। (फोटो क्रेडिट-Digit)

कई बार ऐसा होता है कि हम कोई जरूरी काम कर रहे होते हैं और अचानक हमारा मोबाइल डेटा खत्म हो जाता है। ऐसे में या तो हम उस काम को छोड़ देते हैं या फिर अगल से डेटा प्लान लेते हैं जिससे हमारे एक्स्ट्रा पैसे खर्च होते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा होता रहता है तो अब आपकी टेंशन खत्म होने वाली है। देश की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vi) अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक शानदार प्रीपेड रिचार्ज प्लान लेकर आई है।

Vodafone Idea (Vi) ने अपने प्रीपेड ग्राहकों के लिए एक नई सुविधा शुरू की है। इसके तहत यूजर्स अपने परिवार के सदस्यों के साथ मोबाइल डेटा शेयर कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, इस तरह का यह भारत का पहला प्रीपेड फैमिली प्लान है। इसकी मदद से अगर परिवार के किसी सदस्य का इंटरनेट डेटा खत्म हो जाता है, तो दूसरा सदस्य उसे डेटा भेज सकता है।

वीआई की इस नई सर्विस का इस्तेमाल Vi ऐप के जरिए किया जा सकेगा। खास बात यह है कि परिवार के सदस्य अलग-अलग शहरों में रहने के बावजूद डेटा शेयर कर सकते हैं। इसके अलावा, फैमिली ग्रुप में शामिल सदस्यों को Vi ऐप से रिचार्ज करने पर 10% तक की छूट भी मिलेगी।

प्लान में जुड़ सकेंगे 4 सदस्य

Vi के इस नए प्लान में एक फैमिली ग्रुप बनाया जा सकता है, जिसमें कुल चार सदस्य शामिल हो सकते हैं। इसमें एक प्राइमरी मेंबर और अधिकतम तीन सेकेंडरी मेंबर होंगे। एक्टिव Vi प्रीपेड यूजर्स Vi ऐप के जरिए अपना फैमिली ग्रुप बना सकते हैं और उसमें दूसरे सदस्यों को जोड़ सकते हैं।

इस सुविधा की खास बात यह है कि सभी सदस्यों का अपना अलग प्रीपेड प्लान और उसकी वैलिडिटी बनी रहेगी। यानी परिवार के सभी लोगों को एक ही प्लान से रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने मौजूदा प्लान का इस्तेमाल करते हुए एक-दूसरे के साथ डेटा शेयर कर सकेंगे।

500MB डेटा कर सकेंगे शेयर

Vi के इस फैमिली प्लान के तहत परिवार का कोई सदस्य दूसरे सदस्य को एक बार में 500MB डेटा भेज सकता है। अगर किसी का इंटरनेट डेटा खत्म होने वाला है, तो वह परिवार के दूसरे सदस्य से डेटा ले सकता है। यह सुविधा कई मौकों पर काम आ सकती है। जैसे ऑनलाइन क्लास के दौरान, वीडियो कॉल करते समय, रास्ता देखने के लिए मैप इस्तेमाल करते समय या किसी जरूरी ऐप को चलाने के दौरान डेटा खत्म हो जाए, तो परिवार का दूसरा सदस्य मदद कर सकता है।

हालांकि, कंपनी की ओर से एक बार में 500MB डेटा शेयर करने की जानकारी दी गई है। लेकिन दिनभर में कितनी बार डेटा ट्रांसफर किया जा सकता है और शेयर किए गए डेटा की वैलिडिटी कितनी होगी, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

अलग-अलग शहरों में रहने वाले लोग भी शेयर कर सकेंगे डेटा

इस प्लान का एक बड़ा फायदा यह है कि परिवार के सदस्यों का एक ही शहर में रहना जरूरी नहीं है। Vi के मुताबिक, अलग-अलग टेलीकॉम सर्किल में रहने वाले सदस्य भी फैमिली ग्रुप बनाकर डेटा शेयर कर सकते हैं। आसान भाषा में समझाएं तो, अगर परिवार का एक सदस्य दिल्ली में रहता है और दूसरा किसी दूसरे शहर में, तो वे भी इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं। इसके लिए दोनों का एक्टिव Vi प्रीपेड यूजर होना और संबंधित पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी है।

रिचार्ज करने पर मिलेगा 10% तक डिस्काउंट

Vi के इस प्लान में डेटा शेयरिंग के अलावा रिचार्ज पर छूट का फायदा भी मिलता है। फैमिली ग्रुप में शामिल सदस्यों को Vi ऐप के जरिए किए गए रिचार्ज पर 10% तक का डिस्काउंट मिल सकता है। इससे परिवार के सदस्यों को मोबाइल रिचार्ज पर कुछ पैसे बचाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, वास्तविक छूट और उससे जुड़ी शर्तों की जानकारी के लिए Vi ऐप पर उपलब्ध ऑफर चेक करना जरूरी है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article