आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 का आयोजन भारत में होगा। अगले साल होने वाले विश्व कप के लिए 8 टीमें सीधे एंट्री करेंगी जबकि बाकी टीमों को क्वालीफाइंग राउंड खेलना होगा। अफगानिस्तान सीधे क्वलीफाई करने वाली टीमों की लिस्ट में सातवां नाम है। मेजबान होने के नाते भारतीय टीम की जगह कंफर्म है। वहीं, अन्य जगह पक्की करने वाली टीम- इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और पाकिस्तान हैं। अब सिर्फ एक स्थान की लड़ाई बची है, जिसके लिए वेस्टइंडीज, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका दावेदार हैं।
वर्ल्ड कप सुपर लीग प्वाइंट्स टेबल
विश्व कप सुपर लीग की प्वाइंट्स टेबल में भारतीय टीम पहले नंबर पर है। भारत के 20 मैचों में 134 अंक हैं। इंग्लैंड के 18 और न्यूजीलैंड के 17 मैचों में 125-125 प्वाइंट्स हैं। ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और पाकिस्तान 18 मैचों में 120-120 अंकों के साथ क्रमश: चौथे,पांचवें और छठे स्थान पर काबिज हैं। अफगानिस्तान के 17 मैचों में 115 प्वाइंट्स हैं। इसके बाद, फेहरिस्त में वेस्टइंडीज (88 अंक), आयलैंड (68 अंक), श्रीलंका (67 अंक) और दक्षिण अफ्रीका (59 अंक) हैं।गौरतलब है कि अफगानिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ पल्लीकल में दूसरा वनडे बारिश के कारण रद्द हो जाने के बाद वनडे विश्व कप में अपनी जगह सुरक्षित की।
मैच बारिश से धुल जाने के कारण अफगानिस्तान ने विश्व कप सुपर लीग अंक तालिका में अपने खाते में पांच अंक जोड़े। अफगानिस्तान को जहां पांच अंक मिलने से फायदा हुआ वहीं श्रीलंका के लिए यह परिणाम अनुकूल नहीं रहा। उसकी अब सीधे क्वालीफाई करने की उम्मीद क्षीण पड़ गई है।
श्रीलंका दसवें स्थान पर है और उसे अभी चार मैच और खेलने हैं जिनमें वह अधिक से अधिक अंक हासिल करके शीर्ष आठ में जगह बनाने की कोशिश करेगा।
इनमें अफगानिस्तान के खिलाफ बुधवार को पल्लीकल में होने वाला तीसरा वनडे शामिल है जिसमें श्रीलंका पूरे 10 अंक हासिल करने की कोशिश करेगा। वह इस मैच में जीत दर्ज करके तीन मैंचों की श्रृंखला भी बराबर करना चाहेगा।
