NZ vs SA 2nd ODI Tri Series Highlights: लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में सोमवार, 10 फरवरी को खेले गए मैच में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 133 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचा दिया। विलियमसन के इस बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत ब्लैक कैप्स ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड 4 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गया है।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 304 रन का स्कोर बनाया। मैथ्यू ब्रेट्ज़के ने अपने डेब्यू मैच में 148 गेंदों पर 150 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जो डेब्यू पर किसी भी खिलाड़ी का सबसे बड़ा स्कोर है। हालांकि, उनका यह प्रदर्शन भी टीम को जिताने के लिए पर्याप्त नहीं रहा।
न्यूजीलैंड ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य
न्यूजीलैंड ने जवाब में शानदार शुरुआत की। विल यंग और डेवोन कॉनवे ने शुरुआती 9.5 ओवर में 50 रन की साझेदारी की। इसके बाद कॉनवे और विलियमसन ने मिलकर 187 रन की जबरदस्त पारी खेली। कॉनवे 97 रन पर आउट हो गए, लेकिन विलियमसन ने 113 गेंदों में 13 चौके और 2 छक्कों की मदद से 133 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई।
इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने फाइनल में जगह बना ली है। अब 12 फरवरी को पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला मुकाबला वर्चुअल सेमीफाइनल होगा। पाकिस्तान घर पर फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है, खासकर 19 फरवरी से शुरू होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी से पहले।
