क्रिकेट

IND vs PAK: अभिषेक और गिल देखते रह गए, इस 22 वर्षीय खिलाड़ी को मिल गया 'इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच' का मेडल

Impact Player of the match in IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर 4 मैच में टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर ली है। इसमें अभिषेक शर्मा का खास योगदान रहा लेकिन इसके बावजूद उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर का रिकॉर्ड नहीं मिला है।

Image

हार्दिक पांड्या (फोटो- AP)

Impact Player of the match in IND vs PAK: दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान पर शानदार जीत दर्ज की। भारत ने 172 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने टूर्नामेंट में अपनी अजेय लय बरकरार रखी और पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल करने का रिकॉर्ड बनाया। इस मैच में गिल और अभिषेक का शानदार योगदान रहा लेकिन उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड नहीं मिला।

अभिषेक शर्मा का धमाकेदार अर्धशतक

भारतीय टीम की इस जीत के हीरो रहे युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, जिन्होंने 39 गेंदों में 74 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने शुरुआत से ही पाकिस्तानी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। पारी की पहली ही गेंद पर उन्होंने शाहीन शाह अफरीदी को छक्का जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए।अभिषेक ने शुभमन गिल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारत को मजबूत स्थिति में ला दिया।

शुभमन गिल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

अभिषेक के साथ ओपनिंग करने आए शुभमन गिल ने भी 28 गेंदों पर 47 रन बनाए। उनके शॉट्स ने भारतीय पारी को तेजी दी और पाकिस्तान के गेंदबाजों को असहज कर दिया। जब गिल आउट हुए, तब तक भारत मैच पर पकड़ बना चुका था।

तिलक वर्मा की दमदार पारी

गिल और सूर्यकुमार यादव के आउट होने के बाद तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। उन्होंने 19 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाए और भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। तिलक ने मैच को शानदार अंदाज में खत्म किया, जब उन्होंने अफरीदी की फुल टॉस गेंद को लेग साइड पर बाउंड्री के पार भेज दिया।तिलक वर्मा के साथ अंत तक हार्दिक पांड्या भी नाबाद रहे। उन्होंने 7 रन का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाज बिना किसी दबाव के भारत को विजयी बनाने के बाद ड्रेसिंग रूम की ओर लौटे।

तिलक वर्मा बने “इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच”

इस मुकाबले में अपनी उपयोगी पारी के लिए तिलक वर्मा को भारतीय ड्रेसिंग रूम में “इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया। यह सम्मान उन्हें टीम के ट्रेनिंग असिस्टेंट राघविंद्रा डी ने दिया। तिलक ने पुरस्कार मिलने के बाद कहा कि "मैं पिछले दो मैचों में भी टीम को फिनिश करना चाहता था लेकिन नहीं कर सका। आज मेरा समय आ गया। जैसे गौतम गंभीर सर कहते हैं, हम सीखते रहेंगे और आगे बढ़ते रहेंगे।"

भारतीय डगआउट में जश्न

मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने डगआउट में ही जोरदार जश्न मनाया। मैदान पर पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के बजाय भारतीय खिलाड़ी सीधे अपने ड्रेसिंग रूम की ओर बढ़ गए और वहीं उत्सव का माहौल बना।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article