क्रिकेट

न्यूजीलैंड की महिला T20 वर्ल्ड कप की उम्मीदें बरकरार, आयरलैंड को रोमांचक मुकाबले में 4 रन से दी मात

डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ 4 रन की रोमांचक जीत के साथ आईसीसी महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना खिताब बचाने की उम्मीदें जिंदा रखीं है। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 140 रन बनाए थे। इसके जवाब में आयरलैंड की टीम 136 रन ही बना सकी।

Image

न्यूजीलैंड महिला टीम बनाम आयरलैंड महिला टीम। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ 4 रन की रोमांचक जीत के साथ आईसीसी महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना खिताब बचाने की उम्मीदें जिंदा रखीं है। पहले दो मैच हारने के चलते न्यूजीलैंड के लिए यह जीत बेहद जरूरी थी। इस मैच में जीत दर्ज कर अमेलिया कर की टीम के पास अगले राउंड में पहुंचने की उम्मीद अभी बची हुई है।

पहले गेंदबाजी करने का फैसला करते हुए आयरलैंड ने न्यूजीलैंड को शुरुआती झटके दिए। एमी ने जॉर्जिया को आउट किया, जबकि प्रेंडरगास्ट ने दो विकेट लेकर इसाबेला गेज और मैडी ग्रीन को पवेलियन भेजा। इसके चलते न्यूजीलैंड दबाव में आ गया।

कप्तान अमेलिया कर ने संभाला मोर्चा

हालांकि, कप्तान अमेलिया कर ने 24 गेंद में 30 रन बनाकर टीम को संभाला, जबकि ब्रुक हैलिडे (37 गेंद में 34 रन) ने पारी को सहारा दिया। दोनों अहम साझेदारियां करके न्यूजीलैंड को स्थिरता दी। इजी शार्प ने 28 गेंद में 36 रन बनाए। जबकि सूजी बेट्स ने आखिर में नाबाद पारी खेलकर टीम के स्कोर को 140 तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड ने 6 विकेट के नुकसान पर 140 रन बनाए।

जवाब में आयरलैंड को लुईस (53 गेंद में 59 रन) और प्रेंडरगास्ट (53 गेंद में 59 रन) के बीच शतकीय साझेदारी से मजबूती मिली। दोनों ने सधी हुई बल्लेबाजी और लगातार बाउंड्री लगाकर लक्ष्य का पीछा जारी रखा।

आयरलैंड की पहली जीत की उम्मीद टूटी

आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस और ओर्ला प्रेंडरगास्ट के बीच 110 रन की शानदार साझेदारी ने आयरलैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था और टूर्नामेंट में उनकी पहली जीत की उम्मीदें जगा दी थीं, लेकिन आखिर में वे रोमांचक पीछा करते हुए लक्ष्य से चूक गए। अमेलिया कर ने 18वें ओवर में दो विकेट लेकर मैच का रुख न्यूजीलैंड के पक्ष में मोड़ दिया।

उन्होंने प्रेंडरगास्ट और रेबेका स्टोकेल को आउट किया। इसके बाद रोजमेरी मेयर ने लुईस को आउट किया, जिससे आयरलैंड का स्कोर 116/2 से 123/4 हो गया और वे लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाए। आयरलैंड की टीम 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 136 रन ही बना सकी। इस हार के साथ, आयरलैंड ग्रुप B में सबसे नीचे बिना किसी जीत के बना हुआ है, जबकि न्यूजीलैंड चौथे स्थान पर पहुंच गया है और टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें बनाए हुए है।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article