क्रिकेट

कप्तानी छोड़ते ही केन विलियमसन ने जड़ा सैकड़ा, न्यूजीलैंड ने दिया पाकिस्तान को करारा जवाब

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 28, 2022, 06:24 PM IST

न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट में केन विलियमसन और टॉम लैथम के शतक की बदौलत करारा जवाब दिया है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बढ़त बना ली है। ऐसा रहा दिन के खेल का हाल।

Image

पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड( साभार BLACKCAPS)

Photo : Twitter

कराची: न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच कराची में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच में मेहमान टीम ने मेजबान टीम को करारा जवाब दिया है। पाकिस्तान के पहली पारी में बनाए 438 रन के जवाब में न्यूजीलैंड ने 6 विकेट खोकर 440 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड के लिए टॉम लैथम(113) और पूर्व कप्तान केन विलियनमसन(103*) ने शतक जड़े। वहीं डेवोन कॉन्वे(92) शतक से चूक गए।

शतक से चूके डेवोन कॉन्वे

तीसरे दिन के खेल की शुरुआत न्यूजीलैंड ने बगैर किसी नुकसान के 165 रन के स्कोर के साथ की। टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे की जोड़ी ने पारी को आगे बढ़ाया लेकिन 183 के स्कोर पर कॉन्वे शतक पूरा करने से चूक गए। नुमान अली ने कॉन्वे को एलबीडब्लू कर दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने पूर्व कप्तान केन विलियमसन उतरे और उन्होंने पिच पर जल्दी ही पैर जमा लिए।

लैथम ने जड़ा शानदार शतक

विलियमसन और लैथम ने पारी को आगे बढ़ाया। इसी दौरान लैथम ने अपना शतक 161 गेंद पर 9 चौकों की मदद से पूरा किया। लेकिन वो 113 रन बनाने के बाद अबरार अहम की गेंद पर लपके गए। इसके बाद नुमान अली ने जल्दी ही हेनरी निकोल्स को भी पवेलियन वापस भेज दिया। उन्होंने 22 रन बनाए।

केन विलियनसन ने संभाला एक छोर 272 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद विलियमसन ने डेरिल मिचेल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर स्कोर को 300 रन के पार पहुंचाया। 337 के स्कोर पर मिचेल को अबरार ने विकेट के पीछे लपकवाकर वापस पवेलियन भेज दिया। मिचेल 42 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद टॉम ब्लंडल ने विलियमसन का साथ दिया और पांचवें विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी करके स्कोर को 5 विकेट पर 427 तक पहुंचा दिया।

विलियमसन ने जड़ा 25वां शतक

ब्लंडल के आउट होने के बाद विलियमसन ने 206 गेंद पर अपना शतक 11 चौकों की मदद से पूरा किया। कप्तानी से हटने के बाद विलियमसन का यह पहला और करियर का 25वां शतक है। विलियमसन के शतक पूरा करने के बाद ब्रेसवेल 5 रन बनाकर अबरार की गेंद पर कैच दे बैठे। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 6 विकेट खोकर 440 रन बना लिए और पहली पारी में 2 रन की बढ़त हासिल करने में सफल रहा।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article