क्रिकेट

30 साल बाद क्रिकेट के मैदान पर हुआ कुछ ऐसा, 146 सालों में दूसरी बार हुआ चमत्कार

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Feb 28, 2023, 02:00 PM IST

NZ vs ENG 2nd Test, 1 Run victory record: न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच वेलिंग्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में एक दिलचस्प और हैरान करने वाला नतीजा देखने को मिला है। मेजबान न्यूजीलैंड ने इस मैच में इंग्लैंड को 1 रन से शिकस्त दे दी। एक रन से मिली हार में एक नया आंकड़ा अब क्रिकेट इतिहास में जुड़ गया है।

Image

न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड तीसरा टेस्ट मैच
  • न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 1 रन से हराया
  • टेस्ट क्रिकेट में बन गया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

NZ vs ENG 2nd Test, New Zealand is second team to win a test match by 1 run: अगर कोई कहता है कि टेस्ट मैच में रोमांच समाप्त हो गया है तो उसे वेलिंग्टन में खेले गए इंग्लैंड-न्यूजीलैंड दूसरे टेस्ट मैच को देखना चाहिए था। मेजबान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने इस बेहद रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को महज 1 रन से शिकस्त देकर सबको हैरान कर दिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम ने एक बेहद खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है और साथ ही विश्व क्रिकेट इतिहास में ये जीत सुनहरे अक्षरों में दर्ज की जाएगी, आइए जानते हैं क्यों।

इस मैच में इंग्लैंड ने पहली पारी में मजबूती से 8 विेकेट पर 435 रन बनाकर पारी घोषित की। जवाब में कीवी टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 209 रन पर सिमट गई। ऐसा लगा कि अब इंग्लैंड की टीम ये मुकाबला आसानी से जीत लेगी। इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को फॉलोऑन खिलाने का फैसला लिया। लेकिन इस बार कीवी टीम मजबूत इरादों के साथ उतरी और केन विलियमसन (132) की शतकीय पारी के दम पर 483 रन बना डाले।

मैच पलटा और फिर..

मैच पलट चुका था, क्योंकि अब इंग्लैंड के सामने 258 रनों का लक्ष्य रख दिया गया था। पहली पारी में धमाकेदार बल्लेबाजी करने वाली इंग्लिश टीम इस बार लड़खड़ाती नजर आई। जो रूट ने 95 रनों की पारी जरूर खेली लेकिन वो भी काम नहीं आई। मैच पांचवें व अंतिम दिन के आखिरी क्षणों में जा पहुंचा था और इंग्लैंड की टीम 9 विकेट खोकर 251 रन बना चुकी थी। अब सिर्फ 1 विकेट बाकी था और अब भी जीत 7 रन दूर थी। अंतिम जोड़ी ने किसी तरह 5 रन और जोड़ लिए लेकिन नील वैगनर ने जेम्स एंडरसन (4) को आउट कर दिया और इसी के साथ न्यूजीलैंड ने 1 रन से बेहद रोमांचक व ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली।

30 साल में पहली बार

टेस्ट क्रिकेट में आखिरी बार जब कोई टीम 1 रन से मैच जीती थी, वो हुआ था 30 साल पहले 1993 में जब वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 1 रन से शिकस्त दी थी। उसके बाद से लंबा इंतजार रहा और आखिरकार बुधवार को एक बार फिर वही नजारा देखने को मिला जब न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 1 रन से हराकर अपना नाम इस खास रिकॉर्ड लिस्ट में शामिल कर लिया।

146 सालों में सिर्फ दो बार

टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत 1877 में हुई थी। तब से लेकर आज तक सिर्फ दो ही मौके ऐसे रहे हैं जब किसी टीम ने टेस्ट मैच 1 रन से जीता हो। 1877 से 1993 तक किसी भी टीम ने ये कमाल नहीं किया था। 1993 में पहली बार वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 1 रन से हराकर ये चमत्कार किया और अब न्यूजीलैंड ऐसा करने वाली दूसरी टीम बन गई है।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article