क्रिकेट

त्रिकोणीय टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम का ऐलान, दिग्गज हुआ बाहर

New Zealand Squad: न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने दक्षिण अफ्रीका और जिंबाब्वे के खिलाफ त्रिकोणीय टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में कई सीनियर खिलाड़ियों की वापसी हुई है लेकिन एक दिग्गज को दल से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

Image

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम (साभार BLACK CAPS X)

वेलिंगटन: सलामी बल्लेबाज डेवॉन कॉनवे को अगले महीने मेजबान जिंबाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए न्यूजीलैंड की टीम में नहीं चुना गया है। न्यूजीलैंड के नए मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने शुक्रवार को टीम की घोषणा की। यह अनुभवी बल्लेबाज उन कई प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने विदेशों में पेशेवर टी20 लीग में खेलने के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ केंद्रीय अनुबंध को ठुकरा दिया था। कॉनवे ने न्यूजीलैंड की तरफ से आखिरी मैच पिछले साल जून में टी20 विश्व कप में खेला था।

केन विलियमसन नहीं थे सीरीज के लिए उपलब्ध

पूर्व कप्तान केन विलियमसन इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में मिडिलसेक्स के लिए खेल रहे हैं और उन्होंने स्वयं को अनुपलब्ध बताया। ऑकलैंड के बल्लेबाज बेवॉन जैकब्स 15 सदस्यीय टीम में एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अभी तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। 23 वर्षीय जैकब्स दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ खेलने वाली न्यूजीलैंड टीम के सदस्य थे, लेकिन उन्होंने कोई मैच नहीं खेला।

मिल्ने को मिला मेजर लीग क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का ईनाम

तेज गेंदबाज एडम मिल्ने को अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद नवंबर के बाद पहली बार टीम में शामिल किया गया है। बल्लेबाज फिन एलन और टिम सीफर्ट की भी टीम में वापसी हुई है, जिसकी कप्तानी मिशेल सेंटनर करेंगे। एलन ने हाल ही में मेजर लीग क्रिकेट में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए 151 रन की पारी में 19 छक्के लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। त्रिकोणीय श्रृंखला 14 से 26 जुलाई तक हरारे में खेली जाएगी।

त्रिकोणीय टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम:

मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलेन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, जैकब डफी, जैक फाउलकेस, मैट हेनरी, बेवेन जैकब्स, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, विल ओ'रुर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article