क्रिकेट

Virat Kohli Retirement: 'उनका इरादा सही लेकिन...' कोहली के रिटायरमेंट की अटकलों पर सिद्धू ने कही बड़ी बात

Navjot Singh Sidhu on Virat Kohli Retirement: इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली के रिटायरमेंट को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई है। इसी को लेकर पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने भी अपने विचार खुलकर साझा किए हैं।

Image

विराट कोहली संन्यास (फोटो- AP)

Navjot Singh Sidhu on Virat Kohli Retirement: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और विश्लेषक नवजोत सिंह सिद्धू ने विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की संभावना पर सवाल उठाए हैं। यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब भारतीय टीम 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की महत्वपूर्ण टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है।

बीसीसीआई ने कोहली से मांगा पुनर्विचार

बीसीसीआई के सूत्रों के अनुसार, 36 वर्षीय कोहली ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की इच्छा जताई थी। हालांकि, बोर्ड ने उनसे इस फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है। यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के नए चक्र की शुरुआत भी है, जिससे इसका महत्व और बढ़ जाता है।

"समय और अवसर उचित नहीं" – सिद्धू

सिद्धू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "विराट कोहली के संन्यास लेने के फैसले ने पूरे क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। उनका इरादा सही है, उनका उद्देश्य नेक है, लेकिन समय और अवसर उचित नहीं है, क्योंकि भारत का गौरव और प्रतिष्ठा दांव पर है। हम एक ऐसे दौरे पर जा रहे हैं, जो अन्य टेस्ट खेलने वाले देशों के लिए भी सबसे कठिन परीक्षा है।"सिद्धू ने कोहली को "इंग्लैंड में भारत का चमकता हुआ योद्धा" बताते हुए कहा कि उनकी अनुपस्थिति में टीम में अनुभव की कमी होगी, खासकर जब रोहित शर्मा पहले ही इस फॉर्मेट से रिटायर हो चुके हैं।

"अनुभवहीन टीम नहीं भेज सकते"

सिद्धू ने आगे कहा, "मैं क्यों कहता हूं कि कोहली इंग्लैंड में हमारे लिए सबसे ताकतवर खिलाड़ी हो सकते हैं? क्योंकि उनके पास अनुभव है, खासकर रोहित शर्मा के जाने के बाद। आप इंग्लैंड में अनुभवहीन टीम नहीं भेज सकते।"

कोहली का शानदार टेस्ट करियर

विराट कोहली ने 2011 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और अब तक 123 मैचों में 46.85 की औसत से 9,230 रन बना चुके हैं। उन्होंने 68 टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी भी की और इस फॉर्मेट में देश के सबसे सफल कप्तान बने। उनकी तीव्रता, फिटनेस और नेतृत्व ने भारत को घरेलू और विदेशी दोनों मोर्चों पर एक दमदार टेस्ट टीम बनाया है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article