अफगानिस्तान के 24 वर्षीय गेंदबाज नवीन-उल-हक के निर्णय ने पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। दरअसल इस गेंदबाज ने वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। आगामी वर्ल्ड कप वनडे क्रिकेट में उनकी आखिरी उपस्थिति होगी। नवीन की दो साल बाद वनडे क्रिकेट में वापसी हुई थी और उन्हें अफगानिस्तान के वर्ल्ड कप स्क्वॉड में जगह मिली थी। नवीन एशिया कप में टीम का हिस्सा नहीं थे।
सोशल मीडिया के माध्यम से दी जानकारी
नवीन-उल-हक ने सोशल मीडिया के माध्यम से ऐलान किया कि वनडे वर्ल्ड कप इस फॉर्मेट में उनकी आखिरी उपस्थिति होगी। वनडे में उनका प्रदर्शन भले ही कुछ खास नहीं रहा हो लेकिन T20I में वह अपनी टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। नवीन ने केवल 7 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उनके 14 विकेट हैं। 2016 में T20I में डेब्यू करने वाले नवीन 27 मैच में 34 विकेट हासिल कर चुके हैं। वर्ल्ड कप स्क्वॉड में नवीन के साथ फजहलक फारुखी, अब्दुल रहमान और ओमारजई के पास पेस अटैक की जिम्मेदारी है।
IPL 2023 में विराट से भिड़ गए थे नवीन
आईपीएल 2023 के एक मैच में नवीन-उल-हक उस वक्त तेजी से सुर्खियों में आ गए थे जब बीच मैदान विराट कोहली से उनकी नोंकझोंक हो गई थी। मैच के बाद दोनों खिलाड़ी एक दूसरे के सामने आ गए थे, जिसका बीच-बचाव गौतम गंभीर को करना पड़ा था। इन दोनों की लड़ाई ने आईपीएल में खूब सुर्खियां बटोरी थी।
