क्रिकेट

पिता की दुविधा, आज के IPL मैच में किसको सपोर्ट करेंगे नौशाद खान, खुद दिया जवाब

आज का मुकाबला एक पिता के लिए बेहद धर्मसंकट वाला है। चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले मुकाबले में सरफराज खान और मुशीर खान एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगे। ऐसे में उनके पिता के सामने अजीब सी स्थिति बनी हुई है, लेकिन उन्होंने इसका तरीका निकाल लिया।

Image

नौशाद खान (साभार-X)

क्रिकेट स्टेडियम में पति-पत्नी को अलग-अलग टीमों के लिए चीयर करते आपने पहले भी देखा होगा। लेकिन आज का मुकाबला एक पिता के लिए ऐसी दुविधा लेकर आया है, जिसका समाधान कोई दूसरा नहीं निकाल सकता। दरअसल आज आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स का मुकाबला है और मुशीर खान और सरफराज खान के पिता यानी नौशाद खान के लिए अजब सी स्थिति बन गई है। वह स्टेडियम में मौजूद तो रहेंगे लेकिन वह किस टीम को सपोर्ट करेंगे, इसको लेकर काफी दुविधा है। ऐसा इसलिए होने वाला है, क्योंकि उनका एक बेटा सरफराज खान सीएसके की टीम में है तो दूसरा बेटा मुशीर खान पंजाब किंग्स की टीम में।

अलग-अलग टीम में सरफराज और मुशीर

सरफराज खान को इस बार चेन्नई सुपर किंग्स ने ऑक्शन में खरीदा था। चेन्नई ने उन्हें 75 लाख रुपये में खरीदा था। सरफराज खान के छोटे भाई यानी मुशीर को पंजाब किंग्स ने 30 लाख रुपये में रिटेन किया था और आज पहली दफा दोनों एक दूसरे के खिलाफ उतरने वाले हैं। हालांकि, प्लेइंग इलेवन में उनका खेलना मुश्किल है।

चेन्नई ने दी स्पेशल जर्सी

मैच से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में सरफराज अपने पिता को एक येलो जर्सी देते नजर आ रहे हैं। इसके फौरन बाद नौशाद खान उस सीएसके की जर्सी में नजर आते हैं, लेकिन छोटा बेटा नाराज ना हो जाए, इसके लिए वह सीएसके की जर्सी के साथ पंजाब किंग्स का कैप पहनकर उतरते हैं। जब नौशाद खान से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा 'दोनों टीम दिल के करीब, किसी एक को नाराज नहीं कर सकता। दो हाथ में मैं नहीं कह सकता कि एक अच्छा और दूसरा खराब।

पंजाब किंग्स ने भी एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें नौशाद मुशीर को प्रैक्टिस करते देख रहे हैं। इस दौरान मुशीर अपने कोच को स्टेडियम में बैठे अपने पिता के बारे में बताते हैं। स्टेडियम में बैठे नौशाद मुशीर को बेस्ट ऑफ लक का इशारा करते हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article